इंदौर के बाणगंगा इलाके में एसआई तारेश्वर इक्का की पिटाई करने वाले 2 बदमाशों का पुलिस ने जुलूस निकाला। मंगलवार सुबह करीब 5 बजे बदमाशों ने एसआई का वायरलेस सेट और बैज भी छीन लिया था। गुरुवार को जब दो बदमाशों का जुलूस निकाला गया तो सिर-पैर और हाथ में बंधी पट्टियों के साथ लंगड़ाते हुए नजर आए।
एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया के अनुसार लवकुश चौराहे पर ड्यूटी कर रहे एसआई तारेश्वर इक्का के साथ थार में सवार 4 युवकों ने मारपीट की थी। इस मामले में पुलिस ने आरोपी रवि पुत्र प्रेम सिंह राठौड़, निवासी शिवकंठ नगर और विकास पुत्र रमेश दबी, निवासी शिव कंठ नगर को गिरफ्तार किया था।
आरोपी विकास जोबट, आलीराजपुर उप जेल में जेल प्रहरी के रूप में पदस्थ है। दोनों आरोपियों को 7 फरवरी तक रिमांड पर लिया गया है। इस मामले में दो अन्य आरोपियों अरविंद और विकास की भी तलाश की जा रही है।
हाथ-पैर जोड़ते नजर आए बदमाश
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों का अरबिंदो अस्पताल के पास पैदल जुलूस निकाला। इस दौरान वे हाथ-पैर जोड़ते नजर आए। लोग काफी देर तक उन्हें देखते रहे और बदमाश पुलिस से माफी भी मांगते हुए दिखाई दिए।
थार में बैठाकर माफी मंगवाई, वीडियो बनाया
शराब पीने से मना करने पर बदमाशों ने सब इंस्पेक्टर तारेश्वर इक्का से मारपीट की थी। आरोपियों ने एसआई का माफी मांगते हुए वीडियो बनाया और उसे वायरल कर दिया। बाणगंगा थाने में पदस्थ एसआई तारेश्वर इक्का अपनी ड्यूटी पर थे। इसी दौरान थार में 4 लोग शराब पीते हुए मिले। उन्हें एसआई ने रोका तो नशे में विवाद करने लगे।
आरोपियों ने उनका बैज और वायरलेस सेट भी छीन लिया। इसके बाद काफी देर तक वे मारपीट करते रहे। घटना के बाद पुलिस ने विकास और उसके साथी रवि को हिरासत में लिया था।
वायरलेस पर मांगी मदद, लेकिन नहीं मिली
एसआई तारेश्वर इक्का ने विकास और उसके साथियों से मारपीट और झूमाझटकी के दौरान काफी देर तक वायरलेस सेट पर मदद भी मांगी, लेकिन उन्हें मदद नहीं मिली थी। वहीं, घटना के दौरान सड़क से गुजर रहे लाेग भी उनके बचाव के लिए नहीं रुके।
