इंदौर में लोडिंग रिक्शा चालक से लूट की कोशिश:चाकू की नोक पर रुपए छीनने पहुंचे बदमाश, परिचित के पहुंचते ही भागे

By Abhishek Raghuvanshi
1 Min Read

इंदौर के जूनी इंदौर इलाके में एक लोडिंग ऑटो रिक्शा चालक के साथ दो बदमाशों ने लूट का प्रयास किया। बदमाशों ने वाहन रोककर चाकू की नोक पर रुपए छीनने की कोशिश की। पहले उन्होंने डराने के लिए चालक से मारपीट की, लेकिन तभी चालक का एक परिचित वहां पहुंच गया, जिससे घबराकर आरोपी भाग निकले। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर लिया है। जूनी इंदौर इलाके में नंदबाग कॉलोनी निवासी आधार सिंह अहिरवार के साथ यह वारदात हुई। वे लोहामंडी स्थित कमल ट्रांसपोर्ट से माल भरकर कबूतर खाना जा रहे थे। जब वे ब्रिज के ऊपर पहुंचे, तो दो बदमाशों ने उनकी गाड़ी रोक ली और चाकू की नोक पर रुपए मांगने लगे। रुपए नहीं देने पर बदमाशों ने लात-घूंसों से मारपीट की।
इसी दौरान आधार सिंह ने सड़क पर मदद के लिए आवाज लगाई। तभी पीछे से उनके परिचित खलक कमानिया अपनी गाड़ी से वहां पहुंचे, जिससे बदमाश भाग गए। पुलिस की जांच में आरोपियों के नाम भगत सिंह और आमिर सामने आए हैं। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

Exit mobile version