MP में भूमि पूजन बना अखाड़ा… आपस में भिड़ गए विधायक और जनपद अध्यक्ष के समर्थक, पुलिस ने शांत कराया मामला

By Abhishek Raghuvanshi
4 Min Read

आगर मालवा जिले के ग्राम भ्याना में शनिवार को ग्रामीणों की सुविधा के लिए प्रस्तावित पुलिया निर्माण कार्य के भूमि पूजन के दौरान विवाद की स्थिति बन गई। इस मौके पर विधायक मधु गहलोत सहित जनप्रतिनिधि भूमिपूजन में शामिल होने पहुंचे थे। पुलिस बल की मौजूदगी में कार्यक्रम शांतिपूर्वक संपन्न किया गया।
पुलिया निर्माण कार्य के भूमि पूजन के दौरान बनी विवाद की स्थिति
आपस में भिड़ गए विधायक और जनपद अध्यक्ष के समर्थक
पुलिस बल की मौजूदगी में संपन्न हुआ भूमि पूजन का कार्यक्रम
आगर मालवा। आगर जिले के ग्राम भ्याना में शनिवार को ग्रामीणों की सुविधा के लिए प्रस्तावित पुलिया निर्माण कार्य के भूमि पूजन के दौरान विवाद की स्थिति बन गई। इस मौके पर विधायक मधु गहलोत सहित जनप्रतिनिधि भूमिपूजन में शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान आगर जनपद पंचायत अध्यक्ष धरम कुंवरबाई और अध्यक्ष प्रतिनिधि जितेंद्र सिंह भी वहां पहुंचे और आरोप लगाया कि उनके जनपद क्षेत्र के ग्राम में भूमि पूजन के लिए उन्हें बतौर अतिथि आमंत्रित नहीं किया गया।
जन प्रतिनिधियों के बीच तीखी नोकझोंक
जानकारी के अनुसार, विधायक मधु गहलोत के हाथों भूमि पूजन कार्यक्रम संपन्न होना था। इसी बीच जितेंद्र सिंह ने आपत्ति जताई कि इस कार्यक्रम में उनकी बड़ी बहन, जो कि आगर जनपद पंचायत अध्यक्ष हैं, को भी आमंत्रित नहीं किया गया। जब उन्हें सरपंच के माध्यम से पता चला कि विधायक के कहने पर उन्हें कार्यक्रम में शामिल नहीं किया जा रहा है, तो वे बिना निमंत्रण के अपनी बहन को लेकर ग्राम भ्याना पहुंच गए। वहां पहुंचने पर उन्हें भूमि पूजन में भाग नहीं लेने दिया गया, जिस पर विधायक मधु गहलोत और जितेंद्र सिंह के बीच तीखी नोकझोंक हो गई।
देखते ही देखते माहौल गर्मा गया और बड़ी संख्या में लोग वहां एकत्र हो गए। स्थिति बिगड़ते देख पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और हालात पर नियंत्रण किया। पुलिस बल की मौजूदगी में जितेंद्र सिंह व उनकी बहन जनपद अध्यक्ष को वहां से आगर भेजा गया। इसके बाद भूमि पूजन कार्यक्रम शांतिपूर्वक संपन्न किया गया।
पुलिस की मौजूदगी में संपन्न हुआ कार्यक्रम
इस संबंध में जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि जितेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि विधायक द्वारा लगातार जनपद अध्यक्ष को प्रताड़ित किया जा रहा है, साथ ही उन्हें धमकाया जाता है कि यदि विधायक के अनुसार कार्य नहीं किया तो पद से हटा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि विधायक का कहना है कि यह क्षेत्र उनकी विधानसभा का है और यहां कार्य उनके अनुसार ही होंगे।
वहीं पुलिस प्रशासन ने बताया कि मौके पर स्थिति अब पूरी तरह सामान्य है, और पुलिया निर्माण का भूमि पूजन कार्य सफलतापूर्वक संपन्न किया गया। बता दें कि जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि ओर विधायक के बीच इस विवाद से पूर्व भी विवाद जैसी घटना हो चुकी है। जबकि जनपद अध्यक्ष धरम कुंवर बाई ने कहा कि मेरे जनपद क्षेत्र में विधायक हमेशा इंटरफेयर करते हैं। कोई भी कार्यक्रम हो मेरी बगैर उपस्थिति में ही संपन्न कर लेते हे ओर मुझे सूचना तक नहीं दी जाती।

Exit mobile version