टूटा 37 साल की ठंड का रिकॉर्ड, इंदौर में रविवार को सात डिग्री पर आया पारा

By Abhishek Raghuvanshi
4 Min Read

उत्तरी सर्द हवाएं इंदौर में रात के समय कड़ाके की ठंड का अहसास करवा रही हैं। लगातार दूसरे दिन रविवार सुबह शीत लहर ने ठंडक बढ़ाई। रविवार को शहर में न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से नौ डिग्री सेल्सियस कम था।
इंदौर में रात के समय कड़ाके की ठंड का अहसास हो रहा
लगातार दूसरे दिन रविवार सुबह शीत लहर ने ठंडक बढ़ाई
इंदौर में नवंबर माह में ठंड का 37 साल का रिकॉर्ड टूटा
इंदौर। उत्तरी सर्द हवाएं इंदौर में रात के समय कड़ाके की ठंड का अहसास करवा रही हैं। लगातार दूसरे दिन रविवार सुबह शीत लहर ने ठंडक बढ़ाई। रविवार को शहर में न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से नौ डिग्री सेल्सियस कम था। रविवार को इंदौर में नवंबर माह में ठंड का 37 साल का रिकॉर्ड टूटा। शनिवार रात सीजन की सबसे सर्द रात रही और शहरवासियों को कड़ाके की ठंड का अहसास भी हुआ। इसके पहले इंदौर में 30 नवंबर 1988 को 7.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
1938 को सबसे कम तापमान
गौरतलब है कि इंदौर में 25 नवंबर 1938 को सबसे कम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक हिमालय से आ रही उत्तरी हवाओं के असर से इंदौर सहित पश्चिमी मप्र के इलाकों में तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है। रविवार को प्रदेश में इंदौर व राजगढ़ में न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इंदौर में अगले दो दिन न्यूनतम तापमान सात से आठ डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा, इस दौरान शीत लहर की स्थिति भी रहेगी। इसके बाद धीरे-धीरे न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी भी होगी।
पांच दिन में गिरा 11 डिग्री पारा
इंदौर में बीते पांच दिन में न्यूनतम तापमान में 11 डिग्री गिरावट देखने को मिली –
5 नवंबर: अधिकतम 30.2, न्यूनतम 18.2 डिग्री सेल्सियस
6 नवंबर: अधिकतम 28.3, न्यूनतम 12.1 डिग्री सेल्सियस
7 नवंबर: अधिकतम 28.1, न्यूनतम 10.3 डिग्री सेल्सियस
8 नवंबर: अधिकतम 28.2, न्यूनतम 7.6 डिग्री सेल्सियस
9 नवंबर: अधिकतम 27.4, न्यूनतम 7 डिग्री सेल्सियस
रविवार को प्रदेश के सबसे ठंडे शहर
इंदौर : 7 डिग्री सेल्सियस
राजगढ़ : 7 डिग्री सेल्सियस
भोपाल : 8 डिग्री सेल्सियस
सीहोर : 8.3 डिग्री सेल्सियस
शहडोल : 8.4 डिग्री सेल्सियस
इस वजह से गिरा पारा
पिछले दिनों उत्तर भारत से गुजरे पश्चिमी विक्षोभ के कारण हिमालय क्षेत्र में अच्छी बर्फबारी हुई है। वहां से सीधे आ रही उत्तरी हवाएं इंदौर सहित पश्चिमी मप्र में पारा गिरा रही हैं। इंदौर में अभी नमी नहीं होने के कारण धुंध व कोहरे की स्थिति भी नहीं दिख रही है। सूरज की किरणें निकलने के बाद शहरवासियों को तेज ठंडक का अहसास भी नहीं हो रहा है।
पिछले 10 वर्षों में नवंबर माह का तापमान
2015 : अधिकतम 34, न्यूनतम 13.8 डिग्री सेल्सियस
2016 : अधिकतम 31.2, न्यूनतम 12 डिग्री सेल्सियस
2017 : अधिकतम 31.8, न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस
2018 : अधिकतम 33.2, न्यूनतम 12.7 डिग्री सेल्सियस
2019 : अधिकतम 31.8, न्यूनतम 14.2 डिग्री सेल्सियस
2020 : अधिकतम 32.2, न्यूनतम 11.7 डिग्री सेल्सियस
2021 : अधिकतम 31, न्यूनतम 13.5 डिग्री सेल्सियस
2022 : अधिकतम 33.2, न्यूनतम 11.2 डिग्री सेल्सियस
2023 : अधिकतम 32.4, न्यूनतम 14.6 डिग्री सेल्सियस
2024 : अधिकतम 34.3, न्यूनतम 11.6 डिग्री सेल्सियस

Exit mobile version