5 सौ रूपए के लिए अनाज व्यापारी पर हमला:दो बदमाशों ने मारपीट कर मारे चाकू; गंभीर घायल को लोगों ने कराया अस्पताल में भर्ती

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

इंदौर के आजाद नगर में शनिवार रात छावनी क्षेत्र के एक अनाज व्यापारी पर दो बदमाशों ने चाकू से हमला कर दिया। व्यापारी आनंद उर्फ मोनू योगी को गंभीर हालत में नक्षत्र अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपियों जय उर्फ बच्चा निवासी साईं नगर और उसके साथी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक जांच में विवाद की वजह 500 रुपए की उधारी सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, मयूर नगर में आनंद एक डेयरी पर सामान लेने पहुंचे थे। वहां उनकी मुलाकात जय उर्फ बच्चा से हुई। आनंद ने जय से उधारी के 500 रुपए लौटाने को कहा। इस पर जय ने पैसे देने से इनकार कर धमकी दी और कुछ देर में लौटने की बात कहकर चला गया। थोड़ी देर बाद वह अपने एक साथी के साथ वापस आया और आनंद से मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान आरोपी ने चाकू निकालकर आनंद के कंधे और छाती पर वार कर दिया।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन दोनों फरार हो गए। घायल आनंद को पहले एमवाय अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत बिगड़ने पर रात में परिजन उसे नक्षत्र अस्पताल लेकर पहुंचे। फिलहाल आनंद का इलाज आईसीयू में जारी है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है, पुलिस का कहना है कि जल्द ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Exit mobile version