सिंहस्थ के मद्देनजर सड़क की मिली बड़ी सौगात

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read

मंत्री श्री सिलावट की पहल पर 78 करोड़ की लागत से 50 कि.मी. लंबी टिगरिया बादशाह से बडोदियाखान सांवेर तक बनेगी टू लेन सड़क, मिली प्रशासकीय स्वीकृति

20 गांवों के एक लाख से अधिक लोगों को होगा लाभ

सिंहस्थ 2028 हेतु इन्दौर उज्जैन आवागमन के लिए होगा वैकल्पिक मार्ग
विकसित भारत अमृत काल के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 11 साल होने पर सिंहस्थ के मद्देनजर इंदौर जिले के लोगों को सड़क की एक बड़ी सौगात मिली है। सांवेर विधानसभा क्षेत्र के इन्दौर शहर के सुपर कोरिडोर स्थित टीसीएस चौराहे से लेकर सांवेर के बडोदियाखान तक लगभग 50 किलोमीटर की लंबी सडक बनेगी। जिसकी लागत 78 करोड रूपये है। इसकी स्वीकृति प्राप्त हो गई है। इस स्वीकृति से सांवेर के 20 से अधिक गांवों के एक लाख से अधिक लोगों को लाभ होगा।
जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने इस सबंध में जानकारी देते बताया कि वर्षों से बडोदियाखान से टिगरिया बादशाह वैकल्पिक सडक मार्ग की मांग की जा रही थी, जिसे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह द्वारा वित्तीय व्यय समिति की 109वीं बैठक में अनुमोदित कर प्रशासकीय स्वीकृति जारी की है। इस मार्ग के उन्नयन से इस मार्ग का उपयोग सिंहस्थ 2028 हेतु इन्दौर से उज्जैन जाने के लिए वैकल्पिक रूप से किया जा सकेगा। इस मार्ग के उन्नयन से इन्दौर एयरपोर्ट से आने वाले यात्री, महाराष्ट्र एवं गुजरात के सडक मार्ग द्वारा आने वाले वाहनों को इन्दौर होते हुए उज्जैन जाने हेतु आवागमन के लिए सुविधा होगी तथा इन्दौर उज्जैन राज्य मार्ग के यातायात भार को कम किया जा सकेगा। सिहंस्थ 2028 के दृष्टिकोण से बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए टिगरिया बादशाह, लिम्बोदागारी, पुवार्डा जुनार्दा, पालिया, सतलाना, पितावली, बघाना, मेरखेडी, मावलाखेडी, धतुरिया, टाकुन, नागपुर, मण्डोत-सिन्नीद, चित्तीडा, बालरिया, गुलावट, रालामंडल, थीराखेडी, हिण्डोलिया, टिटावदा, लोहागल, शाहदा, बडोदियाखान सडक मार्ग का उन्नयन कर सिंगल लेन से टू लेन किया जायेगा।
इस सुपर कोरिडोर स्थित टीसीएस चौराहे से सांवेर के बडोदियाखान सांवेर तक लगभग 50 किलोमीटर की लंबी सडक के निर्माण में 27 पुल-पुलियाओं का विभिन्न ग्रामों में निर्माण होगा। जिसकी अवधि 2 वर्ष रहेगी। इस सडक मार्ग की स्वीकृति प्रदान करने पर मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और लोक निर्माण विभाग मंत्री श्री राकेश सिंह का आभार व्यक्त किया है।
इन गांवों को मिलेगा सिंगल लेन से टू-लेन का लाभ
टिगरिया बादशाह, लिम्बोदागारी, पुवार्डाजुनार्दा, पालिया, सतलाना, पितावली, बघाना, मेरखेडी, मावलाखेडी, धतुरिया, टाकुन, नागपुर, मण्डोत-सिन्नौद, चित्तौडा, बांलरिया, गुलावट, रालामंडल, थीराखेडी, हिण्डोलिया, टिटावदा, लोहागल, शाहदा, बडोदियाखान।

Exit mobile version