सवा महीने के बेटे को देखने आ रहे इंजीनियर को कार में आया अटैक, मौतकार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read


सवा महीने के बेटे से मिलने की खुशी में एक पिता रविवार को खरगोन से परिवार सहित निकला। युवक इंदौर पहुंचने ही वाला था कि पिगडंबर से पास कार में उसे साइलेंट अटैक आ गया। कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई। युवक के माता-पिता को कोई चोट नहीं लगी। राहगीरों ने बेहोशी की हालत में युवक को अस्पताल पहुंचाया, वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एमवाय चौकी अधिकारी के मुताबिक मृतक का नाम आदर्श भालसे (29) निवासी जैतापुर खरगोन है। चाचा मुकेश ने बताया, आदर्श की शादी द्वारकापुरी में हुई थी। अपने सवा महीने के बेटे से पहली बार मिलने वह रविवार शाम माता-पिता को लेकर इंदौर आ रहा था। पिगडंबर के पास मेडिकेप्स कॉलेज के सामने अचानक उसे साइलेंट अटैक आ गया। स्टीयरिंग छूट गया और वह बेहोश हो गया। कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई। गनीमत रही कि किसी को चोट नहीं आई।
यूएस की कंपनी के लिए काम करता था- आदर्श ने मैकाट्रॉनिक्स में चार साल का डिप्लोमा किया था। इसके बाद मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बीटेक किया था। वह यूएस की कंपनी के लिए वर्क फ्रॉम होम करता था। आदर्श को न्यूरोलॉजी की दिक्कत थी। उसके पैर में क्लॉट था, जिसका एम्स हॉस्पिटल में इलाज चल रहा था।
राहगीरों ने युवक को अस्पताल पहुंचाया
राहगीरों की मदद से आदर्श को हॉस्पिटल ले जाया गया, लेकिन बच नहीं पाया। पिता ने बताया, आदर्श बेटे से मिलने के लिए बेताब था। पूरी यात्रा के दौरान कार में हंसी-खुशी का माहौल था, लेकिन खुशियां गम में बदल गईं। मुकेश भालसे ने बताया कि हमारे परिवार में हार्ट अटैक की हेरिडिटी है। मेरा भी हार्ट का ऑपरेशन हो चुका है। परिवार के सभी पुरुषों की मौत हार्ट अटैक के कारण हुई। परिवार के सभी लोग हार्ट का समय-समय पर चेकअप कराते रहते हैं।

Exit mobile version