राखी मनाकर लौट रहे नमकीन कारखाने के कर्मचारी की चाकू से गोदकर हत्या

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read


बदमाशों ने 35 वर्षीय अर्जुनसिंह की चाकू मारकर हत्या कर दी। अर्जुनसिंह भाई लालू के घर से राखी मनाकर लौट रहा था। मौके पर चप्पलें मिली हैं। इससे शक है कि हत्या में अर्जुन के परिचित का ही हाथ है। चंदन नगर पुलिस कारखाना और पेट्रोल पंप के सीसीटीवी फुटेज निकाल रही है।
एडिशनल डीसीपी जोन-4 दिशेष अग्रवाल के मुताबिक रविवार सुबह सूचना मिली थी कि नावदापंथ क्षेत्र में जय अम्बे नमकीन कारखाना के समीप अर्जुन पुत्र रामसिंह का शव पड़ा है। पुलिस और एफएसएल अधिकारी मौके पर बुलाए गए। अर्जुन की चाकू मारकर हत्या की गई थी।
नमकीन कारखाने में ही रहता था
लोगों ने बताया कि मूलत: पिपलाई पुनासा (खंडवा) निवासी अर्जुनसिंह नमकीन कारखाना में ही रहता था। उसका भाई लालू शिवकंठ नगर में रहता है। शनिवार को अर्जुन लालू के घर गया था। लौटते समय ही उसकी हत्या हुई है। पुलिस ने कर्मचारियों से पूछताछ की तो बल्लू ने बताया कि उसने रात में दरवाजा खोलने के लिए कॉल लगाया था।
काफी देर तक न लौटने पर दरवाजा बंद कर दिया। सुबह उसका शव देखकर कारखाना संचालक और पुलिस को कॉल लगाया। टीआई इंद्रमणि पटेल के मुताबिक अर्जुन का फोन नहीं मिला है, जेब में रुपये भी नहीं थे।

Exit mobile version