
राजेंद्र नगर में 5 दिन पहले बीटेक की छात्रा और एक छात्र से मोबाइल लूटने वाले बदमाश ने दो बाइक सहित तीन चोरियां करना कबूला है। उससे और मामलों में पूछताछ जारी है। एडिशनल डीसीपी आलोक शर्मा के अनुसार बदमाश करण उर्फ लड्डू तंवर ने अन्य चोरियों का खुलासा किया है। पुलिस ने उससे चोरी का माल भी बरामद किया है। पुलिस रिमांड में आरोपी से दो बाइक और एक घर में चोरी की वारदात का भी खुलासा हुआ है। पुलिस ने चोरी किया गया ढाई लाख कीमत का सोना बरामद किया है। आरोपी ने फरियादी सुशील पिता सुनील शर्मा निवासी ईशकुंज कालोनी के घर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। फरियादी ने पुलिस को बताया था कि वह 25 दिसंबर से 29 तक परिवार के साथ सोमनाथ गुजरात गया था। बाद में लौटा तो चोरी का पता चला था। इसी तरह बदमाश लड्डू ने दो बाइकें भी चुराई थी। आरोपी पर 13 फरवरी को सिद्धि विनायक रेसीडेंसी में रहने वाली छात्रा की शिकायत पर लूट का केस दर्ज किया गया था। छात्रा ने उसकी बाइक का नंबर देख लिया था। इसी आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया।
