
ओल्ड जीडीसी की छात्रा के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। कॉलेज के स्पोर्ट्स टीचर ने छात्रा के साथ छेड़छाड़ की और बैड टच किया। छात्रा ने इसकी जानकारी अपने सहेलियों को दी। इसके बाद छात्राएं हिंदू संगठन के लोगों के साथ कॉलेज पहुंची और स्पोर्ट्स टीचर को पकड़कर पुलिस के हवाले किया। मामले में जूनी इंदौर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। कॉलेज प्रबंधन भी आरोपी टीचर के खिलाफ कार्रवाई करेगा।
एसीपी देवेंद्र सिंह धुर्वे के मुताबिक, 19 वर्षीय छात्रा की शिकायत पर आरोपी स्पोर्ट्स टीचर रामेंद्र सिंह तोमर के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। आरोपी ने 15 फरवरी को छात्रा को अपने कैबिन में बुलाया और वेलेंटाइन डे विश किया। इसके बाद बैड टच किया। टीचर की ये हरकतें देख छात्रा वहां भाग गई और डर के कारण किसी को कुछ नहीं बताया। रविवार को छात्रा ने अपनी सहेलियों को इसकी जानकारी दी। छात्राओं ने हिंदू संगठन के लोगों को बताया। सोमवार दोपहर छात्राएं और संगठन के लोग कॉलेज पहुंचे और आरोपी टीचर की जमकर धुनाई की। इसके बाद थाने लेकर जाकर आरोपी को पुलिस के हवाले किया।
छात्राओं ने बताया कि आरोपी टीचर की हरकतों के बारे में फैकल्टी को शिकायत की थी, लेकिन उन्होंने कोई एक्शन नहीं लिया।
हंगामे के बाद घटना के बारे में पता चला
कॉलेज प्रशासनिक अधिकारी सुधीर सक्सेना ने बताया कि कॉलेज में जनजातीय गौरव दिवस का कार्यक्रम चल रहा था। तभी हंगामे की आवाज आई कि स्पोर्ट्स टीचर को कुछ लड़के मार रहे हैं। कॉलेज का सभी स्टाफ पहुंचा तो घटना के बारे में जानकारी मिली। छात्रा ने उसके साथ हुई घटना के बारे में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई थी। अन्यथा कॉलेज प्रबंधन ही स्पोर्ट्स टीचर के खिलाफ एक्शन लेता। स्पोर्ट्स टीचर रामेंद्र सिंह तोमर की शिकायत प्रशासन से की जाएगी और उनके खिलाफ एक्शन लिया जाएगा।
