बंगाली से कनाड़िया बोगदे तक 110 टीन शेड हटाए

By Abhishek Raghuvanshi
1 Min Read

प्रशासन और निगम के साथ पुलिस की संयुक्त ट्रैफिक कार्रवाई शनिवार को बंगाली चौराहे से कनाड़िया रोड पर चली। इस दौरान कई अतिक्रमण हटाए गए, वाहन जब्त किए गए और फुटपाथ भी क्लीयर करवाए गए। एसडीएम ओमनारायण सिंह बड़कुल के साथ निगम की टीम ने 110 दुकानों के फुटपाथ पर निर्मित टीन शेड, ओटले, होर्डिंग्स आदि सामग्री को हटाया। 12 हजार रुपए का चालान भी बनाया गया। लगभग 35 दुकानों को चेतावनी दी गई और तीन ट्रक सामान जब्त किया। कार्रवाई के दौरान विभिन्न चार पहिया व दो पहिया वाहन, जो यातायात बाधित कर रहे थे, उनके खिलाफ 5 हजार रुपए की चालानी कार्रवाई की गई। 15 टू व्हीलर थाने पहुंचाए गए। 6 दुकानों के ऊपर निर्मित जर्जर दीवार को भी हटाया गया। कार्रवाई के दौरान जोनल अधिकारी प्रभात तिवारी, ट्रैफिक निरीक्षक दीपक यादव, भवन निरीक्षक अतुल श्रीधर और रिमूवल टीम के कर्मचारी उपस्थित थे।

Exit mobile version