जयपुर। राजस्थान पुलिस ने द सूत्र न्यूज पोर्टल के दो और पत्रकारों — जिनेश जैन और अरविंद रावत — को भी जांच के दायरे में लिया है। दोनों के नाम उसी एफआईआर में दर्ज हैं जिसमें पोर्टल के संपादक आनंद पांडे और प्रबंध संपादक हरीश दिवेकर को हिरासत में लिया गया था।
एफआईआर में आरोप लगाया गया है कि द सूत्र की टीम ने उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी के खिलाफ झूठी और मानहानिकारक खबरें प्रसारित कीं और उन्हें हटाने के लिए पांच करोड़ रुपये की मांग की। हालांकि, संपादक मंडल का कहना है कि कथित वसूली वीडियो “एआई-जनित” है और न तो वह आवाज़ उनकी है और न ही चेहरा।
जयपुर पुलिस आयुक्त बीजू जॉर्ज जोसेफ के अनुसार, “जिनेश जैन और अरविंद रावत दोनों की भी जांच की जाएगी। उन्हें भी पूछताछ के लिए नोटिस भेजा गया है।” सूत्रों के मुताबिक, दोनों पत्रकारों से यह पूछा जाएगा कि खबरों के स्रोत क्या थे, सामग्री किस आधार पर प्रकाशित की गई और क्या उन्होंने वरिष्ठ संपादकों के निर्देश पर काम किया।
