दो बाइक की आमने-सामने भिड़ंत में देपालपुर निवासी 61 साल के कैलाश राठौर की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हैं, जिनका इलाज किया जा रहा है। कैलाश अपने भाई के साथ इंदौर के निजी अस्पताल में भर्ती बहन को देखने आए थे। अस्पताल से घर लौटते समय कलारिया ग्राम के पास यह हादसा हुआ। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चंदन नगर पुलिस ने बताया कि कैलाश अपने भाई सरदार राठौर के साथ बहन को देखने इंदौर आए थे। उनकी बहन बीमार हैं और यहां एक अस्पताल में भर्ती हैं। बहन को देखने के बाद दोनों भाई बाइक से घर वापस जा रहे थे, तभी कलारिया के पास हादसा हो गया। जिसमें दोनों घायल हो गए। उन्हें एम्बुलेंस से एमवाय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान कैलाश की मौत हो गई। घटना में दूसरी बाइक सवार भी घायल हुआ है। जिसे परिजनों ने निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। मृतक कैलाश के परिजनों ने बताया कि दोनों भाई बहन को देखने गए थे। लौटते समय हादसा हुआ है। कैलाश के परिवार में दो बेटे और दो बेटी हैं।
