जैन मंदिर से लौट रही बुजुर्ग महिला से ठगी:बदमाश ने खुद को पुलिस बताकर कहा-सोने की चेन बैग में रख लो और ले उड़ा

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read


इंदौर के द्वारकापुरी इलाके में 70 वर्षीय महिला के साथ ठगी की वारदात सामने आई है। घटना बुधवार को उस वक्त हुई जब महिला जैन मंदिर से दर्शन कर लौट रही थी। ठगों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर महिला को झांसे में लिया और उसकी सोने की चेन लेकर फरार हो गए।
द्वारकापुरी पुलिस के अनुसार चंदनबाला वोहरा पत्नी अभय वोहरा निवासी गुमाश्ता नगर, स्कीम नंबर 71 स्थित वैष्णव कॉलेज के सामने से पैदल अपने घर लौट रही थीं। तभी एक लड़का उनके पास आया और पास में बाइक पर बैठे एक व्यक्ति की ओर इशारा करते हुए कहा कि वह बुला रहे हैं।
बदमाश ने बैग में हाथ डाला और चेन गायब
जब महिला बाइक सवार के पास पहुंची तो उसने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए कहा कि आगे किसी वारदात की सूचना है, इसलिए वह अपनी सोने की चेन बैग में रख लें। चंदनबाला ने वैसा ही किया। बाइक सवार ने यह दिखाने के बहाने कि चेन सुरक्षित है, खुद बैग में हाथ डाला और फिर अपने साथी के साथ बाइक से निकल गया। कुछ देर बाद महिला को शक हुआ और जब बैग देखा तो चेन गायब थी।
गुरुवार रात पीड़िता अपने बेटे के साथ थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के CCTV फुटेज खंगाले, जिसमें आरोपी बाइक सवार दिखाई दे रहे हैं। फिलहाल पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं।

Exit mobile version