
इंदौर के बाणगंगा इलाके का एक सीसीटीवी फुटेज बुधवार को सामने आया है। मामला 28 मार्च की रात का बताया जा रहा है। यहां एक आठवीं क्लास की स्टूडेंट और उसके परिचित लड़के के साथ इलाके में रहने वाले युवकों ने छेड़छाड़ के बाद डंडे से मारपीट की। लड़की की शिकायत पर पुलिस ने पांच से ज्यादा आरोपियों पर केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
बाणगंगा पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक कुशवाह नगर में 16 साल की लड़की से देर रात विशाल ठाकुर, विक्का, तुषार कुशवाह और उसके साथियों ने छेड़छाड़ की। इस बात का लड़की ने विरोध किया तो आरोपियों ने उसकी डंडे से बुरी तरह से पिटाई कर दी।
लड़की का मेडिकल कराने के बाद पुलिस ने छेड़छाड़ और मारपीट का केस दर्ज कर लिया। इस मामले के सभी आरोपियों की गिरफ्तारी भी हो चुकी है। पुलिस के मुताबिक लड़की के पिता मजदूरी करते हैं। वही मां टेलरिंग का काम करती है। लड़की इवेंट का काम करती है। वह रात करीब दो बजे के बाद घर से कैब लेने के लिए कुशवाह नगर चौराहे पर जा रही थी। रास्ते में उसे विशाल ने रोका और उसके साथ गलत हरकत की। इस दौरान उसके परिचित युवक के साथ भी मारपीट कर दी।
