इंदौर में दंपती ने किया सुसाइड:पारिवारिक विवाद के चलते फांसी लगाने की आशंका, भाईयों के बीच दुकान को लेकर था विवाद

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

इंदौर के छत्रीपुरा में रहने वाले एक दंपती ने सुसाइड कर लिया। बुधवार को दोनों के शव घर के अंदर लटके हुए मिले। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों के शव अस्पताल भेजे गए हैं। छत्रीपुरा पुलिस के मुताबिक घटना सेठी नगर की है। यहां रहने वाले गब्बर (45) पुत्र मांगीलाल यादव और उसकी सपना यादव ने दोपहर में अपने घर फांसी लगाकर जान दे दी। जानकारी के अनुसार गब्बर फर्नीचर कारीगर है। वहीं सपना हाउस वाइफ है। दोनों की शादी को 22 साल हो गए हैं। उनके दो बेटी और एक बेटा है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। परिवार के लोगों के मुताबिक गब्बर के तीन भाई और हैं। जिसमें संतोष और राजू मृतक से बड़े हैं, वही सबसे छोटा भाई दिनेश है। गब्बर और दो भाई सेठी नगर में अलग-अलग घरों में रहते हैं। वहीं दिनेश अपने परिवार के साथ मूसाखेड़ी में रहता है। उनके पिता की लॉक डाउन में मौत हो चुकी है।
दोस्तों ने बताया कि गब्बर के परिवार की एक दुकान बालदा कॉलोनी मेनरोड पर थी। जिसमें चारों भाईयों का हिस्सा था। काफी समय से दुकान बंद है। इसके बाद से गब्बर अपने भांजे की दुकान पर फर्नीचर का काम कर रहा था। आसपास के लोगों ने बताया कि उसे किराना दुकान पर खड़ा देखा था। करीब दो घंटे बाद उसकी और पत्नी की मौत की जानकारी मिली। सुसाइड के पीछे पारिवारिक विवाद बताया जा रहा है।

Exit mobile version