कनाड़िया क्षेत्र की टाउनशिप और मल्टियों में लंबे समय से लगातार चोरी करने वाली गैंग को पकड़ने में सफलता मिली है। मुख्य सरगना को पहले पकड़ लिया था। सभी आरोपी आपस में रिश्तेदार हैं। ये अपनी बहन के घर इकट्ठा होकर चोरी की प्लानिंग करते थे। डीसीपी अभिनय विश्वकर्मा के मुताबिक कनाड़िया क्षेत्र में चोरी के मामले में 17 जनवरी को सबसे पहले गैंग के सरगना जीतू उर्फ छीतू (29) निवासी नंदबाग कॉलोनी को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के बाद आरोपी के सगे भाई राकेश सिंह बघेन (28) निवासी नंदबाग, रिश्तेदार अजय मेहड़ा (19) बागली, राकेश उर्फ छोटू मेहड़ा (19) पुंजापुरा बागली, हरीश बिडारे (19) चंदन नगर के रामानंद नगर को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने फरियादी अभिषेक हारदे निवासी एसपी विला और एक महिला डॉक्टर सहित ऋतुराज हाइट्स संपत हिल्स के कई फ्लैट में चोरी की थी।
प्लॉट व खेत के रास्ते से घुसते थे कॉलोनी में
टीआई योगेंद्र सिंह सिसोदिया ने बताया कि बदमाश ऐसी टाउनशिप या मल्टी में चोरी करने घुसते थे, जहां आसपास खेत या खाली प्लॉट हो। आरोपी की बहन स्कीम नं. 140 में रहती है, वहीं चोरी की प्लानिंग करते थे। आरोपी अपने साथ कटर और अन्य सामान लेकर चलते थे। ये हमेशा अंधेरे में निकलते थे, ताकि कैमरे में न आ आएं। मल्टियों में घुसने के दौरान जूते चप्पल नहीं पहनते थे, ताकि चलने की आवाज न हो। मुख्य सरगना जीतू हिस्ट्रीशीटर है। उस पर चोरी, नकबजनी के 17 केस हैं।

