
इंदौर के भंवरकुआ में एक व्यापारी की पत्नी के घर से जेवर चोरी हो गए। उन्होंने घर पर आने वाली टीचर पर शंका जाहिर की है। पुलिस ने टीचर पर चोरी के मामले को लेकर एफआईआर की है। वहीं उसे हिरासत में लेकर महिला थाने भेजा गया है। बुधवार को पुलिस चोरी के मामले में महिला टीचर से पूछताछ करेगी।
भंवरकुआं पुलिस ने बताया कि निशा अग्रवाल निवासी अग्रवाल नगर की शिकायत पर पुलिस ने संजना पति संजय वाधवानी निवासी शिवधाम कॉलोनी खंडवा के खिलाफ एफआईआर की है। पुलिस ने उसे हिरासत में लिया है। पीड़िता ने बताया कि उसके घर की अलमारी में एक प्लास्टिक डब्बे में दो सोने की चूड़ियां,दो चेन,अंगूठी,एक पेंडल और नकदी रखे थे।
काम में व्यस्त होने के चलते वह जेवर नहीं देख पाई। 17 नवंबर को उसने अलमारी खोली तो उसमें रुपए नहीं थे। निशा ने बताया कि उसकी गैर मौजूदगी में संजना का घर पर आना-जाना था। वह उनके बच्चों को कोचिंग पढ़ाने आती थी। उसने ही जेवर चुराए हैं। पुलिस अब नामजद एफआईआर कर मामले की जांच कर रही है।
लैपटॉप चोर पर एक और FIR, लैपटॉप-मोबाइल चोरी
एक अन्य मामले में भंवरकुआं पुलिस ने ओम असाटी की शिकायत पर चोरी के मामले में एफआईआर की है। ओम के मुताबिक वह खंडवा नाका पर किराए पर रहते हैं। 17 नवबंर को उनके रूम मेंट प्रदुम्न,अभिसार के लैपटॉप नहीं थे। वहीं उनके परिचित नितिन वसूनिया,बंशी वर्मा, शिवाजी बुंदेला,अंकित सिंह के दो लैपटाॅप,रुपए, मोबाइल,चंद्रशेखर ठाकुर के तीन मोबाइल, विशाल सिंह का एक लैपटाॅप,विशाल अंजना के दो लैपटॉप और रोशनी आर्या का एक लैपटॉप भी नही मिला। सभी ने थाने पर आवेदन दिया। पुलिस ने मंगलवार को तीसरी एफआईआर आरोपी पर दर्ज की। आरोपी के खिलाफ एक दिन पहले दो एफआईआर दर्ज की गई थी। वह सीसीटीवी कैमरों में भी दिखा था।
