इंदौर में युवक ने किया सुसाइड:पहले हाथ की नस काटी फिर पिया एसिड, इलाज के दौरान मौत; पुलिस ने शुरू की जांच

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

इंदौर के हीरानगर में रहने वाले एक युवक ने सुसाइड कर लिया। बताया जाता है कि वह नशा करने का आदी था। उसने पहले ब्लेड से हाथ की नस काटी। फिर भी मौत नहीं हुई, तो एसिड पी लिया। पिता और भाई ने उसे एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान गुरुवार रात उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
हीरानगर पुलिस ने बताया कि रघुनंदन नगर निवासी 19 वर्षीय हर्ष भार्गव को उसके पिता अशोक भार्गव गुरुवार अलसुबह एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचे थे। जहां इलाज के दौरान रात 3:30 बजे उसकी मौत हो गई। अशोक भार्गव ने बताया कि हर्ष ने अपने हाथ की नस काट ली थी। इसके बाद एसिड भी पी लिया था।
रात में जोर-जोर से चिल्लाने पर उनकी नींद खुली तो दूसरे बेटे को उठाया। फिर हर्ष को अस्पताल लेकर पहुंचे। भार्गव ने बताया कि हर्ष नशे का आदी था। वह कुछ दिनों से काम भी नहीं कर रहा था। अशोक भार्गव परिवार सहित अपनी ससुराल में रहते हैं और मिस्त्री का काम करते हैं।
पेंटर ने किया सुसाइड
द्वारकापुरी में रहने वाले पेंटर 45 वर्षीय रंजीत पुत्र रणछोड़ सांवले ने गुरुवार रात जहर खाकर सुसाइड कर लिया। वह कुछ दिनों से बीमार चल रहा था। दिग्विजय मल्टी में रहने वाले रंजीत को उसका बेटा आर्यन इलाज के लिए एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां उसकी मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि रंजीत की कुछ दिनों से तबीयत खराब चल रही थी। इसलिए उसने यह कदम उठाया है।

Exit mobile version