इंदौर में भाजपा नेता कमाल खान के बेटे ने पुलिसकर्मियों को कुचलने की कोशिश की, कार से मिला संदिग्ध पाउडर

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read


इंदौर में भाजपा नेता कमाल खान के बेटे माज खान को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। माज पर आरोप है कि उसने पुलिसकर्मियों को अपनी कार से कुचलने की कोशिश की और उनके साथ अभद्रता की। इस घटना में पुलिस ने माज के खिलाफ हत्या की कोशिश और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने का केस दर्ज किया है।
इंदौर। क्राइम ब्रांच की टीम ने भाजपा नेता कमाल खान के बेटे माज खान को फिल्मी अंदाज में पकड़ा। माज ने पुलिसकर्मियों को कार से रौंदने की कोशिश भी की। पुलिसकर्मियों ने बाइक से कूदकर जान बचाई। माज की कार से संदिग्ध पाउडर और एक युवती मिली है। उसके खिलाफ हत्या की कोशिश और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने का केस दर्ज हुआ है।
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (कानून) अमित सिंह के अनुसार घटना धेनु मार्केट की है। डीसीपी (अपराध) राजेश कुमार त्रिपाठी को सूचना मिली थी कि माज ड्रग्स की डिलीवरी देने जा रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें लगाई गई थीं। शाम को वह सफेद रंग की कार (एमपी 09 डब्ल्यूबी 0860) से जाता हुआ दिखा। सादे कपड़ों में तैनात पुलिसकर्मियों ने कार रोकने की कोशिश की पर माज धेनू मार्केट में घुस गया। उसने पुलिसकर्मियों को टक्कर मार दी।
बाइक कार में ही फंस गई
पुलिसकर्मी कूद गए पर बाइक कार में ही फंस गई। राहगीरों की मदद से माज की कार रोकी तो हंगामा करने लगा। उसने पुलिसकर्मियों पर आरोप लगाए और अभद्रता की। तलाशी लेने पर कार की पिछली सीट पर एक युवती और संदिग्ध पाउडर मिला। माज को तुकोगंज थाने के सुपुर्द किया गया। रात में अपराध शाखा के पुलिसकर्मियों ने लिखित शिकायत कर हत्या की कोशिश और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने के आरोप में केस दर्ज करवाया।
दुष्कर्म की रिपोर्ट लिखवा चुकी युवती के फोन में चैटिंग मिली
पकड़ते ही माज ने हंगामा करना शुरू कर दिया। उसने पुलिसकर्मियों से कहा कि वीडियोग्राफी कर तलाशी ले लो। पुलिस ने जब युवती को निकाला तो कार से पाउडर मिल गया। पुलिस और फोरेंसिक अफसर उसकी जांच में जुटे रहे। रात में एनसीबी अफसरों को भी बुलाया पर कुछ भी स्पष्ट नहीं हुआ।
कार में मिली युवती दुष्कर्म के केस में फरियादी रह चुकी है। उसके फोन में कुछ लोगों के साथ चैटिंग मिली है। पुलिस और खुफिया तंत्र इसकी जांच में जुट गया है। पुलिस साजिश की भी जांच कर रही है।
विवादों में रहे कमाल के दोनों बेटे, ड्रग्स-हथियारों के आरोप
भाजपा नेता कमाल खान के दोनों बेटे माज और बिलाल विवादों में रहे हैं। बिलाल को तो अपराध शाखा ड्रग्स केस में गिरफ्तार कर चुकी है। माज के विरुद्ध मल्हारगंज थाना में पिस्टल निकालकर धमकाने का केस दर्ज हुआ था। पिछले साल अप्रैल में डीसीपी विनोद कुमार मीना ने उसकी गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

Exit mobile version