इंदौर में नकली शादी का ड्रामा कर धार के एक युवक के साथ 1 लाख 20 हजार रुपए की धोखाधड़ी हो गई। युवक शादी करने जिला कोर्ट परिसर पहुंचा। जहां बदमाशों ने उससे रुपए ले लिए और वहां से दो आरोपी चंपत हो गए, जबकि नकली दुल्हन और नकली भाई पुलिस के हत्थे चढ़ गए। अब पुलिस भागे हुए बदमाशों की तलाश कर रही है।
एमजी रोड पुलिस ने धार के रहने वाले सुनील बरोदिया (28) की शिकायत पर रवि रघुवंशी, सपना अहिरवार, अजय जोशी और राजेश गौड़ के खिलाफ केस दर्ज किया है। एडिशनल डीसीपी रामस्नेही मिश्रा ने बताया कि सुनील ने पुलिस को बताया कि वह एक कंपनी में काम करता है। अजय जोशी नामक पंडित ने उसके संपर्क में आया और उसने शादी के लिए लड़की बताई। उसने फोटो भेजा, जब सुनील को लकड़ी पसंद आई तो उसने कोर्ट में नोटरी कराने की बात कही। जिसके बाद वे यहां पहुंचे थे।
सुनील और उसके परिजन जिला कोर्ट परिसर में नोटरी कराने के लिए पहुंचे। अजय ने फर्जी रूप से सपना नाम की युवती जो सागर की रहने वाली को शादी के लिए लाया और उसका नकली भाई रवि बना जो विदिशा का रहने वाला है। राजेश उनका काका बनकर यहां पहुंचे।
गुरुवार को वे कोर्ट परिसर पहुंचे, जहां वे नोटरी कराने वाले थे। अजय ने फरियादी से 1 लाख 20 हजार रुपए ले लिए और कुछ देर में आने का बोलकर वहां से पैसा लेकर भाग गया। उसके साथ ही राजेश भी फरार हो गया। जब काफी देर बाद भी वे नहीं आए तो उन्होंने अजय को कॉल किया, लेकिन उसका नंबर बंद मिला। सपना और रवि से पूछताछ की, तो मामले सामने आया, तो फरियादी के होश उड़ गए।
पुलिस को दी सूचना, केस दर्ज
इसके फरियादी ने तत्काल इसकी जानकारी एमजी रोड थाने को दी। जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची और यहां से सपना और उसके नकली भाई रवि को पकड़ लिया। इधर, जब पुलिस ने पूछताछ की तो आरोपियों की धोखाधड़ी का राज खुल गया। मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर सपना और रवि को गिरफ्तार कर लिया। इधर, पुलिस अजय और राजेश की तलाश कर रही है।

