इंदौर में कार सवार युवकों पर पथराव:चाकू और रॉड से किया हमला; तीन युवक घायल, एक की हालत नाजुक

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

इंदौर के एमआईजी इलाके में रविवार रात चार युवकों की कार पर बदमाशों ने पथराव कर दिया। इस दौरान एक युवक मौके से भाग निकला, जबकि तीन युवकों पर चाकू और लोहे की रॉड से हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल तीनों को देर रात एमवाय अस्पताल ले जाया गया, जहां रोहन की हालत नाजुक बनी हुई है। एमआईजी पुलिस के अनुसार, घायल रोहन (23) पुत्र बब्बू कौशल, दीपक (27) पुत्र मुकेश कौशल और प्रथम (24) पुत्र संदीप को उपचार के लिए अस्पताल लाया गया। दीपक ने बताया कि तीनों घर की छत पर बैठकर क्रिकेट मैच देखने के बाद खाना खा रहे थे, तभी दोस्त अंकित आया और बताया कि विशाल उर्फ छोटा उसे रंजिश के चलते धमका रहा है और नेहरू नगर बुला रहा है।
तीनों युवक अंकित के साथ कार से वहां पहुंचे, जहां विशाल उर्फ छोटा, दीपक जाटव उर्फ भतीजा और उसके साथियों ने कार पर पथराव शुरू कर दिया। अंकित जान बचाकर भाग निकला, जबकि बदमाशों ने कार के अंदर पत्थर फेंके और हमला कर दिया। विशाल ने चाकू से रोहन के पेट पर वार किया, जबकि लोहे की रॉड से दीपक और प्रथम पर हमला कर दिया, जिससे दोनों के सिर पर गंभीर चोटें आईं।
हमले के दौरान शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने बताया कि रोहन की हालत गंभीर है और मामले की जांच जारी है।

Exit mobile version