इंदौर की बाणगंगा पुलिस ने अरविंदो अस्पताल की महिला कर्मचारी से छेड़छाड़ के मामले में मनचले पर केस दर्ज किया है। काम पर जाने के दौरान आरोपी रोज पीड़िता को बाइक से छोड़ने को लेकर सड़क पर परेशान करता था। पीड़िता ने पहले आरोपी पर ध्यान नहीं दिया। लेकिन मंगलवार रात आरोपी ने रास्ता रोककर हाथ पकड़ लिया। इस बात की जानकारी पीड़िता ने परिवार को दी। इसके बाद आरोपी की दूसरे दिन पहचान कर उस पर केस दर्ज कराया गया।
बाणगंगा पुलिस ने बताया कि अरविंदो अस्पताल की एक महिला कर्मचारी की शिकायत पर पुलिस ने कमल मीणा पर छेड़छाड़ और अभद्रता का केस दर्ज किया है। पीड़िता ने बताया कि ड्यूटी पर जाने के लिए वह रोज मौनी बाबा आश्रम के पास से निकलती है। यहीं पास ही शराब दुकान के यहां कमल करीब एक हफ्ते से आते-जाते उसका पीछा कर रहा था। गाडी पर चलते हुए कमेंट्स कर रहा था। शुरुआत में उसकी हरकतों को पीड़िता ने नजर अंदाज कर दिया। मंगलवार रात जब पीड़िता ड्यूटी से घर जा रही थी। तब आरोपी ने उसे रोका और हाथ पकड़कर गंदे कमेंट्स करते हुए साथ चलने के लिए कहने लगा। पीड़िता हाथ छुड़ाकर वहां से भागी और मौसी की बेटी को घटना के बारे में बताया। अगले दिन काम पर जाने के दौरान कमल रास्ते में दिखा। पीड़िता ने अपनी बहन को कॉल कर उसके खड़े होने की जानकारी दी। पुलिस को मौके पर बुलाकर आरोपी कमल को पकड़वाया।
