होल्कर कॉलेज के कर्मचारी के यहां 5 लाख की चोरी:सोने-चांदी के जेवर समेत कैश ले गए; सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए चोर

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

इंदौर के एरोड्रम इलाके में होल्कर कॉलेज के एक स्टाफ कर्मचारी के घर दिनदहाड़े चोरी की वारदात हो गई। कर्मचारी राजन तिवारी, जो नरीमन पॉइंट के निवासी हैं, मंगलवार दोपहर 3 बजे से 6 बजे के बीच डॉक्टर के पास जाने और बाजार का काम निपटाने के लिए घर से बाहर गए थे। इसी दौरान चोरों ने 10 से अधिक सुरक्षा लॉक तोड़कर उनके घर में चोरी को अंजाम दिया।
राजन तिवारी के अनुसार, चोर घर की अलमारी से लगभग 5 लाख रुपए से अधिक के सोने-चांदी के आभूषण और 90 हजार रुपए नकद चुराकर फरार हो गए। आरोपियों ने वारदात के दौरान घर में लगे डीवीआर को फॉर्मेट कर दिया। हालांकि, पास के एक अन्य ब्लॉक में चोरी करने की कोशिश के दौरान चोर सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गए।
पुलिस ने राजन तिवारी की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
अफसरों से शिकायत के बाद हुई FIR
राजन तिवारी के मुताबिक, 13 तारीख को पुलिस को घटना की जानकारी दी थी, लेकिन पुलिस ने सबूतों की कमी का हवाला देते हुए एफआईआर दर्ज नहीं की। डीवीआर फॉर्मेट मिलने के बाद पुलिस ने पहले राजन तिवारी पर ही शक जताया। इसके बाद, उच्च अधिकारियों से शिकायत करने पर बुधवार को पुलिस ने केस दर्ज किया।
सीसीटीवी फुटेज में दिखे चोर
राजन के मुताबिक, चोरों ने मेरे घर के अलावा पास के ब्लॉक में रविंद्र श्रीवास के घर में भी चोरी की कोशिश की। वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में चोरों की तस्वीरें कैद हो गईं। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है। राजन तिवारी अपनी मां के साथ रहते हैं, जो कुछ दिन पहले बाहर गई हुई थीं। घटना के समय घर पर कोई मौजूद नहीं था।

Exit mobile version