
इंदौर के फूटी कोठी चौराहे पर मंगलवार शाम मांझे की डोर से छात्र की मौत हो गई। इस मामले में बुधवार को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों ने चायना की डाेर बयान में नहीं लिखने को लेकर शव को थाने के बाहर रखकर प्रदर्शन किया। छात्र के परिजन ने आरोप लगाया कि टीआई और स्टाफ ने मोबाइल से वीडियो डिलीट कर दिया। इस मामले में डीसीपी ने जांच में लापरवाही करने को लेकर टीआई और दो पुलिसकर्मियों पर अर्थदंड किया है। जोन 4 डीसीपी ऋषिकेश मीणा ने छात्र हिमांशु सोलंकी की मौत को लेकर उसके परिजनों के द्वारा पुलिस पर लगाए वीडियो डिलीट के आरोप के मामले में द्वारकापुरी टीआई आशीष स्प्रे पर 5 हजार का अर्थदंड लगाया है। वहीं एचसीएच प्रताप पटेल और एसआई कमलेश डाबर पर 1-1 हजार रुपए का अर्थदंड किया है। इस मामले की डीसीपी ने पुष्टि की है।
थाने के बाहर हुआ था हंगामा
हिमांशु की मौत के मामले में उसके परिजन ने थाने के बाहर प्रदर्शन किया था। करीब दो घंटे तक वह पुलिस पर वीडियो डिलीट करने और एफआईआर में चायना डोर लिखने की बात करते हुए हंगामा करते रहे। बाद में एसीपी शिवेन्द्र जोशी और एसडीएम के कहने पर जाम खत्म किया गया। इस दौरान उन्होंने लापरवाह लोगों पर जांच करने की बात कही थी।
