होटल में जाकर किया सुसाइड:कुछ देर में आने का कहकर घर से निकले थे, पुलिस ने शुरू की जांच

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read


इंदौर के छोटी ग्वालटोली इलाके में एक होटल में मंगलवार रात एक व्यक्ति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 47 वर्षीय अमरसिंह भदौरिया निवासी भागीरथपुरा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वे पिछले छह माह से बेरोजगार थे और आर्थिक तंगी के चलते तनाव में थे। घर से थोड़ी देर में लौटने का कहकर निकले थे।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। उसे मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस के अनुसार, घटना प्रिंस होटल की है, जहां अमर सिंह शाम करीब 7 बजे पहुंचे थे। उन्होंने रिसेप्शन पर बताया कि उनका पीथमपुर से पार्सल आना है, इसलिए रुकना पड़ेगा। साथ ही उन्होंने होटल स्टाफ से कहा था कि यदि वे नीचे नहीं आएं तो 9 बजे खाने का ऑर्डर लेने किसी को भेज दें। रात करीब 10 बजे जब कर्मचारी कमरे में गए तो अमरसिंह फंदे पर लटके मिले। तुरंत होटल मैनेजर और फिर पुलिस को सूचना दी गई।
चश्मे की दुकान बंद होने से हो गए थे बेरोजगार
अमर सिंह के भतीजे प्रियांशु ने बताया कि वह चश्मे की दुकान में काम करते थे, लेकिन छह माह पहले दुकान बंद होने से उनकी नौकरी चली गई थी। इसके बाद से वे बेरोजगार थे और मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे। उन्होंने घर से निकलते समय अपने चाचा से कहा था कि थोड़ी देर में लौट आएंगे। अमर सिंह के परिवार में दो बेटियां और एक बेटा है। एक बेटी की शादी हो चुकी है।

Exit mobile version