सिविल जज की पढ़ाई कर रही थी कादरी की बेटी:छोटी बेटी भी कर रही लॉ, सुप्रीम कोर्ट से जमानत के लिए कराए थे पिता के हस्ताक्षर

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read


इंदौर की बाणगंगा पुलिस ने ‘लव जिहाद’ के लिए फंडिंग करने के आरोपी नगर निगम पार्षद अनवर कादरी की बेटी को दिल्ली से पकड़ा है। कादरी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने परिवार पर दबाव बनाना शुरू कर दिया है। सोमवार को उसकी बेटी आयशा की गिरफ्तारी से पहले कई महिलाएं क्राइम ब्रांच के ऑफिस के बाहर प्रदर्शन करने पहुंची थीं। उनका आरोप था कि बेटियों को जबरन फंसाया जा रहा है। अनवर की गिरफ्तारी नहीं होने के चलते पुलिस अब परिवार को निशाना बना रही है।
टीआई सियाराम गुर्जर की टीम ने आयशा कादरी को दिल्ली से उठाया था। आयशा दिल्ली में अपने पिता अनवर कादरी की सुप्रीम कोर्ट में अग्रिम जमानत को लेकर तैयारी कर रही थी। उसने वहां जमानत के दस्तावेज भी तैयार कराए थे, जिन पर अनवर के हस्ताक्षर हो गए थे। पुलिस को इस मामले में सुप्रीम कोर्ट से जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस को शंका हुई कि अनवर बेटी के पास दिल्ली में है और टीम वहां पहुंच गई।
अब पुलिस की टीम आयशा से पूछताछ कर रही है कि पिता से उनका संपर्क कब हुआ था और वह किस नंबर से उनसे बात करती थी। पुलिस फरारी के दौरान आरोपी की मदद करने के मामले में आयशा को आरोपी बनाना चाहती है।
वकील है और जज की पढ़ाई कर रही है आयशा
अनवर कादरी के परिवार के लोगों ने बताया कि आयशा की गिरफ्तारी कानूनी रूप से पूरी तरह गलत है। वह वकील होने के नाते जमानत की अर्जी की तैयारी कर रही थी, ऐसे में उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आयशा खुद पेशे से वकील है और दिल्ली में रहकर सिविल जज की पढ़ाई की तैयारी कर रही है। उसकी छोटी बहन भी दिल्ली से वकालत की तैयारी कर रही है।
पुलिस को मोबाइल में अनवर के साथ उसकी कोई बातचीत नहीं मिली, तो उसे वहीं छोड़ दिया गया। उसी ने इंदौर में परिवार को आयशा के पकड़े जाने की जानकारी दी थी। आयशा अभी बाणगंगा पुलिस की हिरासत में है और उसका 3 अगस्त तक का रिमांड मिला हुआ है।

Exit mobile version