स्वच्छता की आठ सिद्धियां प्राप्त करने में जनता का अभूतपूर्व सहयोग और सफाई मित्रों का परिश्रम
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने
स्वच्छता का आठवां पुरस्कार जनता, सफाई मित्रों और अधिकारियों को समर्पित किया
इंदौर। नगर निगम में सचेतक कमल वाघेला ने स्वच्छता सर्वेक्षण पर नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे द्वारा प्रतिक्रिया जारी करने पर कहा कि इंदौर ने स्वच्छता सर्वेक्षण 2024 की स्वच्छता लीग में सर्वश्रेष्ठ शहर का पुरस्कार जीतकर इतिहास रच दिया। जहाँ एक और इंदौर की जनता जश्न मना रही है। सभी वार्डों में जनता अपने कर्मठ सफाई मित्रों का सम्मान कर रही है। वही कॉंग्रेस के नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे इंदौर में हो रहे नित नए नवाचारों और विकास को झूठला कर भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि विश्व की सबसे बड़ी स्वच्छता सर्वेक्षण अभियान के अंतर्गत देश के 4500 से अधिक शहरों और उसमें में भी स्वच्छता सुपर लीग में इंदौर को प्रथम श्रेणी में चुना जाना, प्रत्येक शहरवासियों के लिए गौरव की बात है, जब हम देश में या विदेश में घूमने जाते हैं, जब हम अपना परिचय देते हैं और कहते है कि इंदौर से हैं तो सामने वाले के मुँह से क्लीन सिटी ऑफ इंडिया ही सुनने को मिलता, इंदौर की स्वच्छता की तारीफ सुनने को मिलती हैं। तब हमें फ़क्र होता है, कि हम इंदौर के नागरिक है। महापौर भार्गव के नेतृत्व में विजन 2050 के इंदौर की कल्पना के अनुरूप शहर भर में विकास औऱ नित नए नवाचार के कार्य हो रहे हैं, लेकिन कॉंग्रेस नेताओं को विकास से कुछ लेना देना नहीं है, सिर्फ झूठ फैलाकर जनता को भ्रमित करना है।
उन्होंने कहा कि महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने राजवाड़ा पहुंच कर सबसे पहले यह पुरस्कार जनता, सफाई मित्रों और अधिकारियों को समर्पित किया। महापौर के नेतृत्व में निगम द्वारा जनभागीदारी से कई एतिहासिक कार्य किए हैं, लेकिन कॉंग्रेस नेता जनता को बरगलाने की नाकाम कोशिश कर रहे हैं। स्वच्छता की अष्ट सिद्धियों को प्राप्त करने में इंदौर की जनता, सफाई मित्रों का परिश्रम और निगम अधिकारियों का अभूतपूर्व सहयोग रहता है, झूठ और भ्रम की राजनीति के कारण ही नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे को जनता विधानसभा चुनाव में नकार चुकी है। इसलिए जनता के बीच झूठ फैलाना बंद कर स्वच्छता मित्रों और जनता की भावनाओं का सम्मान कर शहर के विकास और स्वच्छता कार्यक्रमों में सकारात्मक सहयोग देकर अच्छे विपक्ष की भूमिका अदा करे।
