इंदौर के तुकोगंज इलाके में रहने वाले एक 25 वर्षीय सब्जी विक्रेता ने रविवार देर रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजन रात में शव को एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, मृतक आशीष (25) पुत्र मांगीलाल, पांडे का बगीचा इलाके में रहता था और सब्जी बेचने का काम करता था। रविवार रात वह घर आया और अपनी मां से पानी मांगा। इसके बाद वह अगले कमरे में चला गया। कुछ देर बाद जब मां पानी लेकर वहां पहुंचीं, तो उन्होंने देखा कि आशीष फंदे से लटका हुआ था।
आशीष के पिता उनसे अलग रहते हैं। उनकी एक बड़ी बहन है, जिसकी शादी हो चुकी है।
परिजनों ने किसी तरह की आर्थिक या मानसिक परेशानी की जानकारी नहीं दी है। पुलिस ने बताया कि मां के बयान अभी दर्ज नहीं हुए हैं और मामले की जांच जारी है।
