सड़क हादसे में घायल नाबालिग की मौत:8 दिन से थी कोमा में; तीन सहेलियां हुई थी हादसे का शिकार, दो घायल

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

इंदौर के पास खुड़ैल में आठ दिन पहले हुए सड़क हादसे में घायल 16 वर्षीय आशा राठौर की बुधवार देर रात एमवाय अस्पताल में मौत हो गई। आशा अपनी सहेलियों प्रियंका और शिवानी के साथ स्कूटी से पानी पुरी खाने गई थी, तभी एक अज्ञात वाहन ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे के बाद तीनों सड़क पर बेसुध पड़ी मिलीं। इलाज के लिए उन्हें पहले ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, फिर आशा को एमवाय अस्पताल में भर्ती किया गया। उसके सिर में गंभीर चोट लगी थी और हादसे के बाद से वह होश में नहीं आई।
परिवार के अनुसार, प्रियंका और शिवानी का इलाज अलग-अलग निजी अस्पतालों में चल रहा है। अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि किस वाहन ने उनकी स्कूटी को टक्कर मारी थी। आशा एक निजी कंपनी में काम करती थी और उसके पिता व भाई भी निजी कंपनियों में ही नौकरी करते हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत
बाणगंगा इलाके में बुधवार शाम एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। हादसा नमकीन कलस्टर के पास हुआ, जहां 30 वर्षीय खेमा राय गंभीर रूप से घायल हालत में पड़ा मिला। राहगीरों ने तुरंत एम्बुलेंस को सूचना दी, लेकिन अस्पताल ले जाते समय एम्बुलेंस में ही उसकी मौत हो गई। खेमा मजदूरी करता था और उसके परिवार में माता-पिता और एक भाई हैं। पुलिस इस मामले की भी जांच कर रही है।

Exit mobile version