शास्त्री ब्रिज पर बने आधे-अधूरे डिवाइडर आए दिन दुर्घटना का कारण बन रहे हैं। सोमवार रात को यहां एमजी रोड थाना तरफ से आई डायल 100 ब्रिज पर चढ़ते ही डिवाइडर से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि किसी को चोट नहीं आई। मालूम हो, इससे पहले भी यहां डिवाइडर से टकराकर दोपहिया वाहन चालक दुर्घटनाग्रस्त हो चुके हैं। ब्रिज पर नगर निगम पहले भी कई प्रयोग कर चुका है। पहले प्लास्टिक के डिवाइडर थे। उन्हें हटाकर सीमेंट के अस्थायी डिवाइडर लगाए गए। अब सीमेंट कांक्रीट के डिवाइडर बनाए हैं, लेकिन ऊंचाई कम होने से सामने के वाहनों की रोशनी में ये ठीक से नजर नहीं आते।
