रात होते ही पत्थर लेकर बाइक पर निकलते हैं बदमाश, 1 दर्जन गाड़ियां फोड़ी, एक नाबालिग

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

सिख मोहल्ला, तिलक पथ, रामबाग और पंत वैद्य कालोनी के रहवासी परेशान
इंदौर देर रात बाइकों पर निकलकर, उत्पात मचाकर घरों के बाहर खड़े वाहनों में तोड़फोड़ करने वाले बदमाशों ने एमजी रोड और सदर बाजार इलाके की कॉलोनियों में आतंक मचा रखा है। रहवासी इतने डरे हुए हैं कि रातभर जागरण करने पर मजबूर हैं, वहीं पुलिस बदमाशों तक पहुंच नहीं पा रही है। तीन दिनों में बदमाशों ने तिलक पथ, रामबाग और पंत वैद्य कॉलोनी में करीब 1 दर्जन से ज्यादा वाहनों में तोड़फोड़ की है। इन घटनाओं में एमजी रोड और सदर बाजार पुलिस को रहवासियों ने केस दर्ज करवाए हैं।
बदमाशों के आतंक से पीड़ित सामाजिक कार्यकर्ता भूषण अग्निहोत्री ने बताया, तीन दिनों से तिलक पथ, कृष्णपुरा, रामबाग और पंत वैद्य कॉलोनी में देर रात बाइक पर उत्पात मचाते हुए बदमाशों की टोली निकलती है। ये बड़े-बड़े पत्थर उछालकर घरों के बाहर खड़े वाहनों के कांच फोड़कर भाग निकलते हैं। तीन-चार दिन में 1 दर्जन से ज्यादा वाहनों में इन बदमाशों ने तोड़फोड़ की है। पुलिस इनके खिलाफ सख्त एक्शन नहीं ले रही है। कृष्णपुरा क्षेत्र में तीन दिन पहले बदमाशों की टोली ने 4 कारों के कांच फोड़े थे। इसकी रिपोर्ट एमजी रोड थाने में दर्ज करवाई है। वहीं, रामबाग के लोगों ने सदर बाजार थाने में केस दर्ज करवाया है। रहवासियों ने बताया कि इसकी शिकायत क्षेत्रिय विधायक गोलू शुक्ला को की है।
टीआई एमजी रोड विजय सिसोदिया ने बताया, 4 मार्च को सिख मोहल्ला के रहवासियों ने शिकायत की थी कि उनके यहां रात में कारों के कांच फोड़ेत गए हैं। फुटेज के आधार पर दो बाइक सवारों को चिह्नित किया है। इनमें से एक को पकड़ लिया है, लेकिन वह नाबालिग है। इनके अन्य साथियों की तलाश कर रहे हैं।

Exit mobile version