वेल्डिंग करते ट्रक का डीजल टैंक फटा, पिता की मौत, बेटा जख्मी

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

इंदौर देवास नाका स्थित एसआर कंपाउंड में गुरुवार दोपहर एक ट्रक के डीजल टैंक में वेल्डिंग करते समय ब्लास्ट हो गया। ब्लास्ट इतना शक्तिशाली था कि वेल्डर का सिर फट गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पास ही खड़ा उसका नाबालिग बेटा बुरी तरह जख्मी हो गया है। उसका इलाज चल रहा है।
बताया जा रहा है कि वेल्डिंग के दौरान टंकी में गैस ज्यादा भर गई थी, इसी से ब्लास्ट हुआ है। लसूड़िया टीआई तारेश सोनी ने बताया कि मृतक का नाम हरिओम शाह उर्फ राजू सोनी (45) निवासी एम ब्लाक ज्ञानशीला सिंगापुर टाउनशिप है। जबकि 9वीं कक्षा में पढ़ने वाला उसका बेटा रामराज (16) जख्मी हुआ है। घटना रविदास नगर स्थित एसआर कंपाउंड में गुरुवार दोपहर 1.20 बजे की है। मृतक के छोटे भाई परशुराम सोनी ने बताया, बड़े भाई पिछले 25 साल से एक गुमटी लगाकर वेल्डिंग का काम करते रहे हैं। दोपहर में मुझे भाई के पड़ोसी दुकानदार ने घटना की सूचना दी। परशुराम ने बताया कि एक ट्रक के डीजल टैंक में छेद था। मेरा भाई वेल्डिंग करने के लिए खाली टैंक लेकर अपनी गुमटी पर आ गया था। उसी दौरान उनका बेटा भी भोजन करके दुकान आ गया था।
वेल्डिंग करते वक्त बेटा भी पास खड़ा था। शायद उसे टंकी पकड़ने को कहा गया होगा। वेल्डिंग के दौरान अचानक डीजल टैंक फट गया। हरिओम का सिर भी फट गया था। मैं वहां पहुंचा तो भाई औंधे मुंह पड़ा था। जबकि बेटे को हाथ में चोट लगी है। गैस भरने से ब्लास्ट की आशंका पुलिस को आशंका है कि वेल्डिंग के दौरान टैंक में गैस भर गई होगी। इसी वजह से ब्लास्ट हुआ।

Exit mobile version