मोबाइल पर बात करते हुए गिरा सिक्योरिटी गार्ड, मौत:इंदौर के सुपर कॉरिडोर क्षेत्र की घटना, पुलिस जांच में जुटी

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

इंदौर के सुपर कॉरिडोर क्षेत्र स्थित एक कॉलोनी में निर्माणाधीन बिल्डिंग की पहली मंजिल से गिरने के कारण एक सिक्योरिटी गार्ड की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह मोबाइल पर बात कर रहा था, तभी संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर गया। घटना रविवार देर रात की है, जबकि पुलिस ने सोमवार को पोस्टमॉर्टम कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
गांधी नगर पुलिस के अनुसार, हादसा सुपर कॉरिडोर के पास दिलीप नगर स्थित एक निर्माणाधीन इमारत में हुआ। वहां सुरक्षा में तैनात राजेश (50 वर्ष), पिता नारायण राव चौधरी, निवासी नेहरू पार्क, पहली मंजिल पर मोबाइल पर बात करते हुए ऊपर जा रहे थे। इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वे नीचे गिर गए।
घटना के समय वहां मौजूद दूसरा सिक्योरिटी गार्ड रमेश ने तुरंत घटना की सूचना बिल्डिंग मालिक और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और रमेश को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई।
राजेश के परिजनों ने बताया कि उनके एक बेटा और एक बेटी हैं, दोनों की शादी हो चुकी है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल मामला जांच में है।

Exit mobile version