बाइक सवार मां-बेटे को ट्रक ने मारी टक्कर, वृद्धा की मौत

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read

तेजाजी नगर बायपास पर सोमवार सुबह 10.30 बजे एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में एक वृद्धा की मौत हो गई, जबकि उसका बेटा और पोती गंभीर रूप से घायल हुए हैं। वह बेटे और नाबालिग पोती के साथ एक गमी के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बागरी हाट पिपल्या से हरसोला के लिए निकली थी। हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर फरार हो गया।
टीआई देवेंद्र मरकाम ने बताया, मृतका का नाम कलाबाई (60) पति नारायण निवासी हाट पिपल्या है। जबकि बेटा नेमीचंद (38) और पोती टीना (12) घायल हुए हैं। ट्रक ने पीछे से इनकी बाइक को टक्कर मारी थी। टक्कर लगते ही बेटा-पोती सड़क किनारे गिरे, जबकि वृद्धा सड़क पर गिरी। तभी ट्रक का पहिया महिला के ऊपर से गुजर गया था। उन्हीं के पीछे दूसरी बाइक पर वृद्धा का पोता सचिन, रिश्तेदार रवि के साथ आ रहा था। मौके पर उसने भीड़ लगी देखी तो पता चला कि सड़क पर उसकी दादी पड़ी है। कलाबाई का परिवार किसानी और मजदूरी से जुड़ा है।
ये हुए हैं बड़े हादसे
बायपास जानलेवा बन गया है। यहां महीनेभर में चार-पांच मौतें और हर हफ्ते करीब 10 से 12 हादसे हो रहे हैं। देखा जाए तो यहां 4 महीने में 80 से ज्यादा हादसे हुए हैं। नेमावर रोड ब्रिज से राऊ ब्रिज तक ही 5 ब्लैक स्पॉट हैं। रालामंडल ब्रिज बनने से यहां की सर्विस रोड और ज्यादा घातक हो चुकी है। लोगों का कहना है, शिप्रा से राऊ ब्रिज तक ट्रकों की तेज रफ्तार हादसे का कारण बन रही है।
जानलेवा इस मार्ग पर हर हफ्ते 10 से 12 हादसे
11 अक्टूबर को कनाड़िया बायपास पर ट्रक ने सुरेंद्र सिंह और उनकी प|ी बसंता बाई को टक्कर मार दी। सुरेंद्र का पैर ट्रक में फंसा था, काटकर निकाला था। उनकी मौके पर मौत हो गई।
29 सितंबर को नेमावर ब्रिज पर मेडिकेप्स की इंजीनियरिंग छात्रा लहर (19) श्रीवास्तव को ट्रक ने टक्कर मारी थी। उसकी वहीं मौत हो गई थी।
पिछले महीने रालामंडल के निर्माणाधीन ब्रिज के पास एक वाहन ने घर लौट रही निजी स्कूल की शिक्षिका कल्पना जायसवाल निवासी चौधरी पार्क की जान ले ली थी।

Exit mobile version