इंदौर के खजराना में सोमवार रात एक युवक की उसके कुछ दोस्तों ने पुराने विवाद में पिटाई कर दी। वह मामले की शिकायत करने थाने पहुंचा। वहां उसे चक्कर आने लगे। उसे एमवाय अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस अब पूरे मामले की जांच में जुट गई है। खजराना पुलिस के मुताबिक, युवक का नाम हर्ष गुप्ता (25) निवासी स्कीम नंबर 78 है। हर्ष एक निजी कॉल सेंटर कंपनी में काम करता है। वह अपने दोस्तों से मिलने साईं कृपा कॉलोनी गया था। यहां उसका विवाद हो गया, जिसमें 4 से 5 लड़कों ने उसके साथ मारपीट की।
वह मामले की शिकायत करने थाने पहुंचा। वहां चक्कर आने पर उसे एमवाय अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी मौत हो गई। डॉक्टरों ने इसके बाद पुलिस को जानकारी दी। सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल से हर्ष से जुड़ी जानकारी जुटा रही है।
एक सप्ताह पहले हर्ष की कुछ लड़कों से कहासुनी हुई थी
दोस्त पीयूष ने बताया कि एक सप्ताह पहले उसकी कुछ लड़कों से मोबाइल पर कहासुनी हुई थी। इस मामले में सोमवार रात करीब 11 बजे बात करने के लिए उसे साईं कृपा कॉलोनी के कट पर बुलाया था। यहां अचानक आकर हर्ष के साथ मारपीट कर दी। मारपीट के दौरान एक लड़का ऋषभ मिश्रा था। मैंने और एक अन्य दोस्त ने हर्ष को बचाने की कोशिश की, लेकिन लड़कों ने हमारे साथ भी धक्का-मुक्की की।
इसके बाद हर्ष ने मोबाइल पर अपने परिवार को जानकारी दी, फिर मेरे के साथ खजराना थाने पहुंचा। यहां उसे घबराहट होने लगी और वह बेसुध हो गया। वहां से एमवाय अस्पताल लेकर आए। जहां डॉक्टरों ने ईसीजी की और उसे मृत घोषित कर दिया।
हालांकि सूचना के बाद टीआई मनोज सेंधव सहित अन्य टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच की जा रही है। इधर हर्ष के परिवार के लोग भी एमवाय अस्पताल पहुंचे हैं। हर्ष के परिवार में उसकी बहन और माता-पिता हैं।
