गुरुवार अलसुबह इंदौर के कनाड़िया बायपास पर एक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक युवक की मौत हो गई, जबकि लगभग 14 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस से मिली शुरुआती जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब 4 बजे बिचौली मर्दाना ब्रिज के पास हुआ। यहां एक तेज रफ्तार तूफान वाहन अचानक सड़क पर खड़े एक ट्रक से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में मंटू वर्मा, निवासी इंदिरा नगर, खरगोन की मौके पर ही मौत हो गई। मंटू, मुन्नालाल वर्मा का पुत्र था और फर्स्ट ईयर का छात्र था। वह पढ़ाई के साथ-साथ पिता के सब्जी व्यवसाय में भी मदद करता था। परिवार में उसकी एक बहन भी है।
स्थानीय लोगों ने की मदद
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वहां से गुजर रहे लोगों ने तत्काल पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से वाहन में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया।
पुलिस के मुताबिक, दो घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका उपचार चल रहा है।
यह लोग हुए घायल
कीर्ति पति संतोष, निवासी मोतीपुरा, खरगोन
संदीप पुत्र अमरसिंह, निवासी जेतपुरा
गौरव पुत्र बद्रीलाल, निवासी इंदिरा नगर
संतोष मोतीलाल
मोहन सिंह पुत्र सखाराम
बासूबाई पति अनराम
विमला बाई पति शंभु सिंह
मन्नु पुत्र काका वर्मा
कंचन कर्मा
विमला बाई पति सुरेश
भगवती बाई पति बंशीलाल
आकाश पुत्र गोपाल
बसु पति बंशीलाल
सक्कूबाई पति मोहन
प्रदीप मिश्रा की कथा से लौट रहे थे श्रद्धालु
हादसे में घायल यात्रियों ने बताया कि वे सभी सिहोर में पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा में शामिल होकर लौट रहे थे। इसी दौरान यह हादसा हो गया।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घायलों का इलाज जारी है, और मृतक मंटू के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
