पिता की बेइज्जती का बदला लेने पार्किंग वाले पर चलाई थी गोली

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read

राऊ स्थित रंगवासा में भूतनाथ मंदिर के पार्किंग संचालक विनय पाटीदार पर गोली चलाने वाले तीन बदमाशों को राऊ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गोली चलने के दौरान जेब में मोबाइल होने से पार्किंग संचालक की जान बच गई थी। पार्किंग संचालक का आरोपी के पिता से विवाद हुआ था और उसने उनका कॉलर पकड़कर बदतमीजी की थी।
गांधीनगर एसीपी निधि सक्सेना के अनुसार, पकड़ाए आरोपियों के नाम राहुल मालवीय (मुख्य शूटर) निवासी सूरज नगर, बृजराज पिता भगवानलाल बड़गुजर निवासी गोघाट रेलवे कॉलोनी और ड्राइवर दीपक कहार निवासी ध्रुव नगर (सभी उज्जैन) हैं। दीपक पर उज्जैन में 6 अपराध दर्ज हैं। एसीपी ने बताया, रंगवासा के भूतनाथ मंदिर के पार्किंग संचालक विनय पाटीदार पर 13 दिसंबर को गोली चली थी। गोली के पेंट की जेब पर लगी। जेब में मोबाइल की वजह से उसकी जान बच गई थी।
ड्राइवर ने उकसाया : बोला- पिता की कॉलर पकड़ी, गोली मार दो
घटना के एक दिन पहले आरोपी बृजराज का परिवार दर्शन करने भूतनाथ मंदिर आया था। यहां उनके रिश्तेदार भी रहते हैं, इसलिए वे कार उनके घर खड़ी करना चाहते थे, लेकिन पार्किंग संचालक विनय ने कहा कि यहीं कार पार्क कर दो, शुल्क देना पड़ेगा। शुल्क को लेकर हुज्जत हुई तो विनय ने बृजराज के पिता की कॉलर पकड़ ली। ड्राइवर से भी हुज्जत की। शाम को जब वे उज्जैन पहुंचे तो ड्राइ‌वर दीपक ने बृजराज को घटना बताई। उसने उकसाया कि तुम्हारे पिता की कॉलर पकड़कर बेइज्जती की है। इसका बदला लेने के लिए बृजराज ने शूटर राहुल को साथ लिया। रंगवासा पहुंचकर दोनों ने दूर से विनय पर गोली चला दी।
पिता को इस बात की जानकारी नहीं कि बेटा गोली चलाकर आया
एसीपी के अनुसार पूरी घटना से राज के पिता अनभिज्ञ थे। राज और ड्राइवर ने उन्हें बताया ही नहीं कि गोली चलाने जा रहे हैं। बाद में पुलिस ने दोनों के फुटेज खंगाले और सबसे पहले ड्राइवर दीपक को गिरफ्तार किया। उसी ने घटना का खुलासा किया। बृजराज और उसके पिता का उज्जैन रेलवे में सफाई का ठेका है।

Exit mobile version