इंदौर का राजा रघुवंशी मर्डर केस एक बार फिर चर्चा में है। राजा की हत्या की आरोपी उसकी पत्नी सोनम रघुवंशी की कोर्ट ने जमानत याचिका खारिज कर दी है। राजा के भाई विपिन रघुवंशी ने ये जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कोर्ट से तीसरी बार सोनम की जमायत याचिका खारिज हुई है।
इंदौर: ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी की हत्या के मामले में शिलांग कोर्ट ने सोनम रघुवंशी की जमानत याचिका खारिज कर दी है. कोर्ट में सुनवाई के दौरान राजा के परिजन ने जमानत दिए जाने का विरोध जताया था. कोर्ट ने भी माना की सोनम द्वारा किया गया कृत्य बहुत अमानवीय था, इसलिए जमानत देना उचित नहीं होगा. इधर शिलांग पुलिस ने कोर्ट के समक्ष चार्जशीट दायर की थी. दायर चार्जशीट में सोनम रघुवंशी ने किस तरह से हत्या की योजना बनाई. घटना को अंजाम देने के बाद कहां रुकी, इन सब बातों का जिक्र किया था. इस मामले में एडिशनल जिला जज ने आरोपियों पर हत्या के आरोप भी तय कर दिए हैं.
जमानत को लेकर सोनम ने कोर्ट में लगाई थी याचिका
बुधवार 17 दिसंबर को आरोपी सोनम रघुवंशी ने शिलांग कोर्ट में जमानत को लेकर याचिका दायर की थी. जिस पर शिलांग कोर्ट में सुनवाई हुई थी और कोर्ट ने जमानत का फैसला सुरक्षित रख लिया था. कोर्ट ने सुनवाई के बाद जमानत याचिका खारिज कर दी है. इधर, राजा के परिजन का आरोप था कि, सोनम के परिजन उससे मिले हुए हैं. जेल से बाहर निकलवाने में सोनम के परिजन उसका साथ दे रहे हैं, उनकी मदद के बिना सोनम जमानत याचिका दायर नहीं कर सकती थी.
सोनम ने की थी पति राजा की हत्या
योजना बनाकर की राजा रघुवंशी की हत्या
इंदौर के रहने वाले ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी शादी के बाद अपनी पत्नी सोनम रघुवंशी के साथ हनीमून मनाने के लिए शिलांग गए थे. लेकिन योजनाबद्ध तरीके से वहां पर उनकी पत्नी सोनम रघुवंशी ने अपने प्रेमी राज कुशवाहा के दोस्त विशाल, आनंद और आकाश के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी थी. इस मामले में शिलांग पुलिस ने शिलांग कोर्ट में एक चार्जशीट पेश की थी, जिसमें उन्होंने राजा की हत्या से लेकर बाद तक के क्रम का उल्लेख किया था.
सोनम ने खुद बनाया था शिलांग जाने का प्लान
शिलांग पुलिस ने चार्जशीट में लिखा था कि, ”शादी के पहले ही सोनम ने ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी की हत्या की योजना अपने प्रेमी राज कुशवाहा के साथ मिलकर बना ली थी. शादी के तुरंत बाद ही सोनम ने खुद ही शिलांग जाने का प्लान बनाया और इसके टिकट भी खुद ही बुक किए. वहीं शिलांग जाने से पहले ही सोनम ने अपने पर्सनल सामान से भरा हुआ सूटकेस प्रेमी राज कुशवाहा को सौंप दिया और उस सूट केस को राज कुशवाहा ने अपने मित्र विशाल चौहान के पास छोड़ दिया था.
जमानत को लेकर सोनम ने कोर्ट में लगाई थी याचिका
हत्या के बाद इंदौर में राजा के घर रुकी थी सोनम
सोनम के इशारे पर ही राज कुशवाहा के दोस्त विशाल चौहान और आनंद ने ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी पर हमला किया और उसके बाद उसे घायल अवस्था में खाई से नीचे फेंक दिया. जिससे उसकी मौत हो गई थी. हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद सोनम इंदौर आई और इंदौर में वह सबसे पहले राज कुशवाहा के घर पर रुकी. इसके बाद राज ने लसुड़िया थाना क्षेत्र स्थित एक फ्लैट में सोनम को रखा. उसके बाद इस पूरे मामले में वह इंदौर से गाजीपुर पहुंची जहां इस पूरे घटनाक्रम का खुलासा हो गया. इन तमाम तरह की बातों का भी जिक्र उस चार्ज शीट में शिलांग पुलिस ने किया है.
राजा के परिजन को उम्मीद-कोर्ट से न्याय मिलेगा
ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी के भाई विपिन का कहना है कि, “क्योंकि हम तो पूर्व में ही कह रहे थे कि सोनम ने शादी के कुछ ही दिनों बाद शिलांग की टिकट बुक करवा ली और इसकी जानकारी टिकट बुक करवाने के बाद हमें भी और राजा को दी गई. फिलहाल नई शादी हुई थी तो हमें भी यह अंदाजा नहीं था की सोनम कुछ ऐसा भी कर सकती है. लेकिन अब हमें शिलांग पुलिस और शिलांग कोर्ट से उम्मीद है कि वह जल्द ही हमें न्याय देगी और हमारे भाई के आरोपियों को सख्त से सख्त सजा देगी.”
