परदेशीपुरा में एक गुंडे के घर पर फेंके थे बम:देशी बम बनाकर हमला करने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार, जेल से ऑपरेट हो रही थी इनकी गैंग

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read


पेट्रोल व देशी बम बनाकर परदेशीपुरा स्थित रोड नंबर 9 पर रहने वाले बदमाश लोकेश खोपड़े के घर हमला करने वाले दो आरोपियों को परदेशीपुरा पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार किया है। दोनों ने जून महीने में बम से हमला किया था। इनके कब्जे से 3 जिंदा देशी बम व बम बनाने की सामग्री भी मिली है। इस मामले में पुलिस अब तक 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। इसमें 1 महिला और 3 नाबालिग शामिल हैं। सभी के आपराधिक रिकॉर्ड भी हैं। एक आरोपी सेंट्रल जेल में बंद था, उसी ने पूरी प्लानिंग की थी। उसे भी आरोपी बनाया है।
टीआई आरडी कानवा ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी विवेक यादव और सक्षम साहू हैं। विवेक को गुरुग्राम (हरियाणा) से और सक्षम को जबलपुर से गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी आदतन अपराधी हैं। इनके कब्जे से तीन जिंदा देशी बम भी बरामद किए हैं, जो उन्होंने अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखे थे।
इस हमले को आरोपी आर्यन ठाकुर उर्फ भैय्यू के कहने पर अंजाम दिया गया था। गिरफ्तार हुए दोनों आरोपी भय्यू के कहने पर ही जबलपुर से इंदौर आए थे। भय्यू हत्या के मामले में सेंट्रल जेल में बंद है। ये जेल में मोबाइल ऑपरेट कर रहा था। इसने कई एप्लीकेशन के माध्यम से गैंग के 13 आरोपियों से संपर्क कर रखा था।
ये आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार
इस गैंग में विवेक और सक्षम के अलावा प्लानिंग करने वाला आरोपी आर्यन ठाकुर, अविका ठाकुर उर्फ दीया, रोहित धनगर, जयेश उर्फ लक्की, साहिल उर्फ चेरी, लक्की उर्फ गप्पी, साहिल उर्फ बच्चा, हिमेश उर्फ बिट्टू और 3 नाबालिग गिरफ्तार किए जा चुके हैं। हमला करने आए विवेक ओर सक्षम को इन्होंने बम बनाने की समाग्री दिलवाई, बाइक दी और हमले के पहले नए कपड़े भी दिए थे। आरोपियों की तलाश में पुलिस उनके रूट के 100 से ज्यादा कैमरों को खंगालते हुए देवास तक पहुंची थी।
आर्यन है पूरी गैंग का मास्टर माइंड
बताते हैं आर्यन उर्फ भय्यू का भाई विशाल ठाकुर भी जेल में हैं। विशाल से मिलने एक अन्य विशाल धनकर नामक युवक उसकी गर्लफ्रेंड के साथ आता था। इसे लेकर विशाल ठाकुर को लोकेश खोपड़े ने ये कह दिया था कि तेरी गर्लफ्रेंड को ये लड़का विशाल ही साथ रखता है। इस पर इनके बीच जमकर विवाद हुआ। बाद में आर्यन ने लोकेश को मुख्य षड्यंत्रकर्ता मानकर अपनी गैंग से उसके घर बम फेंककर हमला करवाया था। इस पूरे हमले का मास्टर माइंड आर्यन ही है। ये गैंग बम बनाने में भी माहिर है।

Exit mobile version