इंदौर के शीतलामाता बाजार में दिग्विजय सिंह के प्रदर्शन के बाद उनका विरोध तेज हो गया है। सोमवार रात में हिंदू महासभा ने दिग्विजय सिंह और राहुल गांधी का पुतला जलाया और उनके खिलाफ प्रदर्शन किया। हिंदू महासभा ने व्यापारियों का समर्थन किया। वहीं शीतला माता बाजार व्यापारी एसोसिएशन के अध्यक्ष हेमा भैया पंजवानी ने भी पुतला दहन को समर्थन दिया।
वहीं इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि दिग्विजय सिंह ने शहर के शांतिपूर्ण माहौल को खराब करने की कोशिश की, वैमनस्यता फैलाने की कोशिश की, उन पर केस दर्ज होना चाहिए। पुष्यमित्र भार्गव ने पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा के बयान पर भी आपत्ति ली है।
कांग्रेस के गर्त में जाने का कारण मुस्लिम तुष्टिकरण
इंदौर महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने दिग्विजय सिंह पर हमला बोलते हुए कहा कि दिग्विजय सिंह और कांग्रेस का गर्त में जाने का एकमात्र कारण है मुस्लिम तुष्टिकरण। यदि किसी ने लव जिहाद को लेकर कोई प्रश्न उठाया है और समाज अगर उसके साथ में खड़ा है तो वहां दिग्विजय सिंह को जाने की जरूरत नहीं है।
महापौर ने कहा कि केवल माहौल खराब करने के लिए वे यहां आए। मैं तो उल्टा ये कहूंगा कि शहर के शांतिपूर्ण माहौल को खराब करने के लिए, वैमनस्यता फैलाने के लिए दिग्विजय सिंह पर केस होना चाहिए।
महापौर ने सज्जन वर्मा के बयान पर दिया ये जवाब
भार्गव ने पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा के एक बयान पर भी जवाब दिया। महापौर ने कहा कि सज्जन वर्मा ने भी जो टिप्पणी की है वह घोर आपत्तिजनक है, कि सारे विधायक पुत्र भागते हुए नजर आएंगे। मैं उनको ये कहना चाहता हूं कि ये नौजवानों की टोली है और पूरे एमपी से कांग्रेस को इन नौजवानों की ताकत से हम भगा चुके है। सज्जन वर्मा खुद ही कभी इंदौर से भागते हैं, कभी देवास से भागते हैं। वो तय करे कि वे भागकर कहां जाना चाहते हैं।
