नाबालिग पुलिस से बोली- मां का प्रेमी छेड़छाड़ करता है : इंदौर में पिता के साथ शिकायत करने थाने पहुंची, कहा- मां प्रेमी का साथ देती है

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

इंदौर में 17 साल की लड़की अपने पिता के साथ हीरानगर थाने पहुंचा। उसने पुलिस को बताया कि मां का प्रेमी उससे छेड़छाड़ करता है। मां उस पर अपने प्रेमी के साथ संबंध बनाने का दबाव डालती है।
पुलिस ने नाबालिग की मां और उसके प्रेमी राहुल यादव को गिरफ्तार कर लिया है। हीरानगर थाने के प्रभारी सुशील पटेल के अनुसार, नाबालिग ने शिकायत में बताया कि माता-पिता अलग रहते हैं। उनके बीच तलाक का मामला कोर्ट में चल रहा है। मां राहुल यादव के साथ लिव इन में रहती है। राहुल घर आता तो नाबालिग को बैड टच करता। पीड़िता ने बताया कि एक दिन पहले भी रात में राहुल ने अश्लील हरकत की और मां ने उसका साथ दिया। इसके बाद वह पिता के पास पहुंची और पूरी घटना बताई।
मां ने आरोपों को बताया झूठा
पूछताछ के दौरान नाबालिग की मां ने सभी आरोपों को झूठा बताया। उसने पुलिस को बताया कि वह पिछले पांच साल से राहुल के साथ रह रही है। घर चलाने के लिए उसे राहुल का सहारा लेना पड़ा। बेटी कुछ दिन पहले एक लड़के के साथ घर छोड़कर चली गई थी और हाल ही में वापस आई है। इस पर राहुल ने उसे फटकार लगाई थी। इसी नाराजगी में बेटी ने दोनों पर झूठे आरोप लगाए हैं।
एफआईआर दर्ज, मामले की जांच जारी
नाबालिग से जुड़ा मामला होने के कारण पुलिस ने तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया और पीड़िता के बयान के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Exit mobile version