तेज रफ्तार कार रैलिंग से टकराते हुए मंदिर की दीवार में घुसी

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

विजयनगर इलाके में रविवार अलसुबह 4 बजे तेज रफ्तार कार बीआरटीएस रैलिंग से टकराकर मंदिर की दीवार में जा घुसी। कुछ लोगों ने बताया कि दो कारों में सवार युवक-युवतियां तेज रफ्तार से आगे-पीछे चल रहे थे। हादसे के बाद एक कार में सवार लोग अपनी कार मौके पर छोड़कर दूसरी कार से साथियों के साथ फरार हो गए। पुलिस ने कार जब्त कर जांच शुरू कर दी है। विजय नगर टीआई चंद्रकांत पटेल के अनुसार हादसा सुबह करीब 4 बजे हुआ। यहां तेज रफ्तार कार (MP17CC9291) बीआरटीएस रैलिंग से टकराकर मंदिर की दीवार में जा घुसी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। अभी तक किसी के भी जख्मी होने की जानकारी थाने पर नहीं आई है। हालांकि कार रीवा जिले के खुजुर गांव की बताई जा रही है। अभी आरटीओ की बेवसाइट पर कार की जानकारी अपडेट नहीं है। इसलिए वहां के आरटीओ से जानकारी जुटाई जाएगी। उधर, प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार चालक तेज गति से गाड़ी चला रहा था। अचानक कार ने संतुलन खो दिया। इससे कार पहले बीआरटीएस की रैलिंग में टकराई फिर मंदिर की दीवार में टकराकर रुकी। पुलिस पता लगाने का प्रयास कर रही है कि दुर्घटना के समय कार कौन चला रहा था।

Exit mobile version