सियागंज मार्केट व रेलवे स्टेशन के बाहर सोमवार को ट्रैफिक बाधित करने वाले 100 से ज्यादा रिक्शा व ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने विशेष मुहिम चलाई। रॉन्ग साइड खड़े, यहां-वहां गाड़ी खड़ी कर सवारी का इंतजार करने वाले रिक्शा चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। एडिशनल डीसीपी ट्रैफिक अरविंद तिवारी ने बताया कि सियागंज क्षेत्र और बड़ी लाइन के प्लेटफॉर्म नंबर-4 के बाहर पार्किंग एरिया को छोड़कर खड़े रहने वाले वाहनों के खिलाफ विशेष मुहिम चलाई गई। मुहिम सतत जारी रहेगी। यहां लंबे समय से जनता की शिकायतें थीं कि रिक्शा व ई-रिक्शा वाले पूरी सड़क घेरकर ट्रैफिक बाधित करते हैं। उसी को ध्यान में रखकर कार्रवाई की गई।
