लव जिहाद फंडिंग मामले में फरार चल रहे 20 हजार के इनामी आरोपी कांग्रेस पार्षद अनवर कादरी को पुलिस जल्द ही भगौड़ा घोषित करवाने की तैयारी में है। मंगलवार को पुलिस इस मामले में कादरी को भगौड़ा घोषित करने की कार्रवाई के साथ ही उसका कोर्ट से फरारी वारंट जारी करवाएगी। वहीं उसकी संपत्ति की भी जानकारियां पुलिस ने कुर्की के लिए जुटानी शुरू कर दी हैं।
परदेशीपुरा एसीपी रूबिना मिजवानी ने बताया आरोपी कादरी को भगौड़ा घोषित करने की तैयारी है। मंगलवार को कोर्ट में उसके फरारी वारंट के लिए आवेदन लगाया जाएगा। इसके जारी होते ही पुलिस उसे भगौड़ा करार देगी। वहीं सोमवार को पुलिस को उसका लुक आउट सर्कुलर नोटिस भी मिल गया है। आरोपी कादरी की चल-अचल संपत्ति की जानकारी के लिए पंजीयक विभाग व नगर निगम से जानकारियां निकलवाई जा रही हैं।
तलाश में सिक्किम और चेन्नई में दबिश जारी
एसीपी ने बताया आरोपी के कई राज्यों में एसोसिएट्स हैं, जो उसकी गोपनीय ढंग से मदद कर रहे हैं। हमारी टीमें उसके काफी करीब हैं। वह बार-बार स्थान बदल रहा है। उसकी तलाश में सिक्किम और चेन्नई तक हमारी टीमें पहुंची हैं। जल्द ही उसे गिरफ्तार करेंगे। इधर, मंगलवार को कादरी की बेटी आयशा को भी कोर्ट में रिमांड खत्म होने के बाद पेश किया जाएगा।
