ईलाज में लापरवाही और अनियमितताएं पाये जाने पर डॉक्टर्स की टीम ने क्लीनिक किया सील

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

इंदौर,
कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के निर्देशानुसार मंगलवार को इंदौर के हर्ष क्लीनिक की जांच की गई। जांच के दौरान कई अनियमितताएं पाये जाने पर हर्ष क्लीनिक सील किया गया है। सीएमएचओ डॉ. माधव हासानी ने जानकारी देते हुए बताया कि गत दिवस एक मरीज की मृत्यु की मीडिया में समाचार प्रकाशन और शिकायत के बाद डॉक्टर्स की टीम गठित की गई। कलेक्टर श्री वर्मा के निर्देशानुसार हर्ष क्लीनिक की जांच कर पंचनामा बनाया गया। जांच करने पहुँचे डॉक्टर्स में रिथानी अहीरवाल, निश्चला गुप्ता, अर्चना मानसिंह, शैतान सिंह, सीमा इंग्ले और जूनी इंदौर थाना प्रभारी अनिल गुप्ता ने डॉ. ज्ञान पंजवानी और डॉ. श्रीचंद बागेचा की उपस्थिति में क्लीनिक खुलवाया। मेडिकल टीम द्वारा निरीक्षण के दौरान क्लीनिक में 15 बेड का अस्पताल, बड़ी मात्रा में एलोपैथिक मेडिसिन का भंडारण, क्लीनिक में वयस्क व शिशुओं की मेडिसिन बड़ी संख्या में खुली हुई भी देखी गई। साथ ही मेडिसिन में कंपनी व मेन्युफेक्चरिंग एक्सपायरी से सम्बंधित बिना लेबल के भी मिली। वहीं जिस मरीज की मृत्यु का समाचार समाचार पत्र में प्रकाशित हुआ। उनकी बीमारी से सम्बधित दस्तावेज भी क्लीनिक में नहीं पाये गए। क्लीनिक में बड़ी मात्रा में मेडिसिन के भंडार पाये जाने पर ड्रग कंट्रोलर अथॉरिटी की पृथक से निरीक्षण व जांच की आवश्यकता भी बताई गई!

Exit mobile version