इंदौर से पुणे जा रही यात्री बस में आग:आगरा-मुंबई हाईवे पर कंटेनर से टक्कर के बाद उठा धुआं; ड्राइवर समेत 8 यात्री घायल

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read


इंदौर से पुणे जा रही एक यात्री बस में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगी।
हादसा पीथमपुर के पास आगरा-मुंबई नेशनल हाईवे पर रविवार रात करीब सवा 8 बजे हुआ। बस करीब 7 बजे इंदौर से पुणे के लिए निकली थी। जिसमें करीब 30 यात्री सवार थे।
अच्छी बात ये रही कि वक्त रहते सभी बस से नीचे उतर गए। हालांकि ड्राइवर समेत 8 लोग घायल हो गए। इनमें से एक महिला और ड्राइवर की हालत गंभीर है।
बस आगे खड़े कंटेनर से टकराई
बस के कंडक्टर जीतू राठौड़ ने बताया कि हाई‌वे पर एक कंटेनर में से उठ रहे धुएं के कारण कुछ भी दिखाई नहीं दिया। इससे अचानक ब्रेक लगाने पड़े और बस कंटेनर के पीछे से टकरा गई। जिससे बस में आग लग गई।
धुआं देखते ही बस से उतरे यात्री
हादसा किशनगंज थाना क्षेत्र के टीही गांव के पास होना बताया जा रहा है। यात्रियों ने बताया कि बस अपनी रफ्तार में चल रही थी, तभी जोरदार झटका लगा। इसके बाद केबिन से धुआं निकलने लगा। धुआं देखते ही यात्रियों ने बस से बाहर निकलना शुरू किया। इस दौरान बस का अगला हिस्सा आग की चपेट में आ गया। फिर देखते ही देखते पूरी बस ने आग पकड़ ली।
ड्राइवर फंसा, लोगों ने निकाला
सम्यक नाम के यात्री ने बताया कि कंटेनर से टक्कर के बाद बस की लाइट बंद हो गई थी। बस के अंदर धुआं निकल रहा था। यात्री जल्दी से नीचे उतरे और देखा कि बस आगे से पूरी तरह डैमेज हो चुकी थी। ड्राइवर बस में फंस गया था। जिसे स्थानीय लोगों ने बड़ी मुश्किल से निकाला।
घटना के बाद हाईवे पर बनी जाम की स्थिति
घटना की सूचना मिलते ही इंदौर और पीथमपुर के दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इधर, घटना के बाद हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई। इसके बाद पुलिस ने यातायात को डायवर्ट किया। घटना के एक घंटे बाद आवाजाही सामान्य हो सकी।

Exit mobile version