इंदौर में सोमवार रात करीब सवा 9 बजे बड़ा हादसा हो गया। शहर के रानीपुरा इलाके में 3 मंजिला मकान गिर गया। इस हादसे में 11 लोग घायल हो गए। इनमें एक 3 महीने की बच्ची भी शामिल हैं।
सभी घायलों को एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एमजीएम कॉलेज के डीन डॉ. अरविंद घनघोरिया ने बताया चार लोगों की हालत गंभीर है।
प्रत्यक्षदर्शी मोहम्मद अंसारी ने बताया कि यह मकान सम्मू बाबा का है। यहां 17 लोग घर के अंदर थे। दो लोग अभी भी अंदर फंसे हुए है। रेस्क्यू टीम उन्हें निकालने की कोशिश में जुटी है।
अंसारी ने मलबे में फंसे लोगों से फोन पर बात कर हाल भी जाना। एमवाय अस्पताल से भी डॉक्टरों की टीम मौके पर पहुंची है। फिलहाल दो जेसीबी मशीनों से मलबा हटाया जा रहा है।
मेयर समेत कई जनप्रतिनिधि पहुंचे
मौके पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों के साथ ही महापौर पुष्यमित्र भार्गव और भाजपा विधायक गोलू शुक्ला समेत कई जनप्रतिनिधि भी पहुंचे हैं। मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई है। बिजली कंपनी ने इलाके की बिजली काट दी है। रेस्क्यू टीम ने बिजली के तारों को काटा है ताकि रेस्क्यू तेजी से किया जा सके।
3 मंजिला बिल्डिंग में 4 परिवार रहते हैं
बताया जा रहा है कि जो 3 मंजिला बिल्डिंग गिरी है, उसमें 4 परिवार के कुल 17 लोग रहते हैं। ये मकान किसी सम्मू बाबा का है, जो करीब 10-15 साल पुराना है। ये भी बताया जा रहा है कि बारिश के कारण बिल्डिंग में दरारें पड़ गई थीं। हादसे के दौरान बिल्डिंग के ज्यादातर लोग बाहर थे। इसके चलते बड़ा हादसा होने से बच गया।
ये 10 लोग घायल हुए
अल्ताफ( 28) पिता रफीउद्दीन
रफीउद्दीन(60) पिता मोहम्मद उमर
यासीरा( 3 महीने) पिता जिया
नबी अहमद(7)
सबीस्ता अंसारी (28) पति मोहम्मद अल्ताफ
सैबुद्दीन(62) पिता मोहम्मद
सलमा बी (45) पति रफीउद्दीन
आलिया अंसारी(23) पति मो. जिया उल हक
शाहिदा अंसारी(55) पति शमीउद्दीन
अमीनुद्दीन(40) पिता शमीउद्दीन
