
इंदौर में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा होने से टल गया। एक बस का ड्राइवर नशे की हालत में सड़क पर बस दौड़ा रहा था। इस दौरान उसने कुछ गाड़ियों को भी टक्कर मार दी, जिसके बाद एक बाइक सवार ने तुरंत चौराहे पर ट्रैफिक पुलिस के सूबेदार और जवानों को बस के बारे में बताया। इस पर ट्रैफिक पुलिस ने चौराहे पर ही बस को रुकवा लिया।
पुलिस ने ड्राइवर को बस से उतारा तो वह नशे की हालत में मिला। पुलिस ने तत्काल उसे पास के थाने भेजा और ब्रेथ एनालाइजर से चेक करने पर उसके नशे में होने की पुष्टि हो गई। बता दे कि इंदौर के बड़ा गणपति पर एक ट्रक हादसा हुआ था, जिसमें नशे की हालत में ट्रक ड्राइवर ने कई गाड़ियों और लोगों की टक्कर मार दी। हादसे में कुछ लोगों की जान भी चली गई थी।
दरअसल, ये मामला शुक्रवार को आईटी पार्क चौराहा का है। शाम करीब 5 बजे बाइक सवार एक युवक ड्यूटी पर तैनात सूबेदार अशोक कुमार भार्गव, एएसआई सुबोध शर्मा, आरक्षक देवी सिंह और संदीप जाट के पास पहुंचा। उसने बताया कि राजरतन ट्रेवल्स की बस का चालक खतरनाक तरीके से बस चला रहा है जो राजीव गांधी चौराहे से आईटी पार्क चौराहे की तरफ आ रहा है। बस ने एक ई-रिक्शा और मेरी बाइक को टक्कर मारी, जिसमें वह बाल-बाल बच गए। बाइक सवार की शिकायत के बाद ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने तत्काल चौराहे पर घेराबंदी की और जैसे ही बस आई तो उसे चौराहे पर ही रोक लिया।
ड्राइवर को चेक किया तो नशे मिला, थाने ले गए
सूबेदार अशोक कुमार भार्गव ने बताया कि बाइक सवार युवक शिकायत करके वहां से चला गया। इसके बाद बस के आने पर उसे रोका और ड्राइवर को चेक किया तो वह नशे की हालत में मिला। पुलिसकर्मियों ने तुरंत उससे बस की चाबी ले ली। हालाकि ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के पास ब्रेथ एनालाइजर नहीं था। इस पर पुलिस जवान संदीप जाट उसे बाइक पर बैठाकर भंवरकुआं थाने ले गए। जहां ब्रेथ एनालाइजर से चेक किया गया था यह क्लियर हो गया कि बस का ड्राइवर नशे में है। इस पर पुलिस ने कोर्ट का चालान कर बस को जब्त कर लिया।
सूबेदार ने बताया कि जब बस ड्राइवर गाड़ी चला रहा था तब बस में कोई सवारी नहीं थी। बस जब्त होने की जानकारी मिलने पर ट्रेवल्स के लोग पहुंचे तो पता चला कि उसे व्हील अलाइनमेंट के लिए बस को भेजा था। इस काम के बाद ड्राइवर वापस बस से ट्रेवल्स पर जा रहा था। रात में बस को पुणे जाना था।
दूसरे ड्राइवर को बुलाया और थाने में खड़ी की बस
जिस बस को ट्रैफिक पुलिस ने जब्त किया वह वॉल्वो है। इसके चलते पुलिस ने खुद बस को ना चलाते हुए ट्रेवल्स से ही दूसरे ड्राइवर को चौराहे पर बुलवाया और वहां से बस को आउटर एरिया से महू नाका के समीप बने ट्रैफिक थाने (पश्चिम) पर बस को खड़ा कराया गया। इधर, ट्रैफिक पुलिस ने अपील की है कि नशे की हालत में गाड़ी ना चलाएं, यह न सिर्फ कानूनन दंडनीय है, बल्कि स्वयं और दूसरों की जान के लिए भी अत्यंत खतरनाक है।
