इंदौर में युवक ने जहर खाया, मौत:परिजनों का आरोप- युवती से 7 साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था; उसके भाई से परेशान था

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

इंदौर के आजाद नगर में एक युवक ने जहर खाकर बुधवार को जान दे दी। उसके परिजनों ने एक युवती और उसके भाई पर परेशान करने को लेकर आरोप लगाए है। मृतक युवक का युवती से 7 साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवक के परिजन शादी को लेकर राजी थे। लेकिन युवती के परिवार के लोग इस बात से इनकार कर रहे थे। फिलहाल पुलिस मामले में जांच कर रही है।
आजाद नगर पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक प्रशांत(30) पुत्र प्रकाश सोमेश निवासी चंद्रपुरी कॉलोनी ने बुधवार दोपहर अपने घर पर जहर खा लिया। उसे पिता उपचार के लिए एमवाय लेकर आए। यहां उसकी मौत हो गई।
पिता ने बताया कि वह ऑटो रिक्शा चलाते है। सुबह 5 बजे उनकी नींद खुली तो बेटा मोबाइल पर डिम्पी से बात कर रहा था। डिम्पी से उसका 7 साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों की शादी की भी बात हुई। लेकिन डिम्पी के परिवार के लोगो ने इनकार कर दिया। दोनों के सबंध को लेकर डिम्पी का भाई सुभम मृतक प्रशांत पर डिम्पी को छोड़ने को लेकर दबाव बना रहा था। उनके बीच इस बात को लेकर कई बार कहासुनी भी हुई।
प्रशांत पहले मरोठिया में किराना दुकान पर काम करता था। करीब 15 दिन पहले वह यहां से काम छोड़कर ग्वालटोली इलाके में काम करने पहुंचा था। प्रशांत अपने माता पिता का इकलौता बेटा है। पुलिस के मुताबिक प्रशांत की मौत के बाद कोई सुसाइड नोट नही मिला है। उसका मोबाइल लॉक है। उसे देखने के बाद ही जांच आगे बढ़ पाएगी। प्रशांत के परिजनों ने भी डिम्पी और उसके भाई शुभम पर प्रताड़ना के आरोप लगाए है।

Exit mobile version